ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

‘सी-विजिल’ एप पर 3,767 शिकायतें दर्ज, 1,709 निस्तारित

लोकसभा आम चुनाव-2024 के दौरान राजस्थान में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों पर निगरानी के लिए ‘सी-विजिल’ एप पर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। अब तक प्रदेश भर से कुल 3,767 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से सही पाई गई 1,709 शिकायतों का तय समय में निस्तारण कर दिया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार यह एप शिकायत-समाधान का बेहतरीन जरिया बन रहा है। इन शिकायतों पर रिकॉर्ड समय में कार्रवाई हो रही है। प्राप्त शिकायतों की सम्बंधित रिटर्निंग ऑफिसर्स द्वारा जांच के बाद सही पाए जाने पर उन पर कार्रवाई कर निस्तारण किया गया है। एक शिकायत अभी जांच दल और रिटर्निंग ऑफिसर के स्तर पर निर्णय के लिए लंबित है। शेष शिकायतें ड्रॉप कर दी गई हैं।

सबसे ज्यादा शिकायतें टोंक जिले में

गुप्ता ने कहा कि सी-विजिल पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की सबसे ज्यादा 306 शिकायतें जोधपुर जिले से तथा 298 शिकायतें टोंक से प्राप्त हुई हैं। इनमें से क्रमश: 170 और 222 शिकायतें सही पाए जाने पर इन सभी का तय समय में निस्तारण कर दिया गया है। सी-विजिल एप के माध्यम से अधिकतम सौ मिनट में प्राप्त शिकायतों का समाधान किया जाता है।

बिना इजाजत पोस्टर बैनर की शिकायतें सर्वाधिक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अवैध पोस्टर-बैनर लगाने की सर्वाधिक 1,784 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 1,314 के सही पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई कर दी गई है। एप पर प्राप्त शिकायत के सत्यापन में तस्वीर या वीडियो के रूप में दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध होने के कारण इसके माध्यम से त्वरित निस्तारण संभव हो पा रहा है।

कैसे काम करता है सी-विजिल

‘सी-विजिल‘ किसी भी व्यक्ति को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट करने की अनुमति देता है। आमजन इस एप का इस्तेमाल करके कदाचार की घटना की जानकारी भेज सकता है। सौ मिनट की समय सीमा में अधिकारी समस्या का निस्तारण करेंगे। इस एप की सबसे खास बात यह है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाने का भी विकल्प है। कोई भी व्यक्ति एन्ड्रॉयड आधारित ‘सी-विजिल’ एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *