ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मप्र में नहीं दिखेगा नए सिस्टम का असर, कई जिलों में पारा 35 के पार

मध्यप्रदेश में ओले-बारिश का दौर थमने के बाद मार्च के आखिरी सप्ताह में गर्मी के तेवर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार 23 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, लेकिन मध्यप्रदेश में उसका ज्यादा असर दिखाई नहीं देगा। इस कारण होली पर भी गर्मी रहेगी। इधर, तेज धूप के कारण गुरुवार को उज्जैन, नर्मदापुरम समेत प्रदेश के 10 शहरों में पारा 35 डिग्री से अधिक रहा।
सामान्यत: भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर-उज्जैन समेत प्रदेश के शहरों में 26 से 31 मार्च के बीच दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है। पिछले 10 सालों से मौसम का यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इस बार भी ऐसा ही ट्रेंड रहने का अनुमान है। हालांकि 23 मार्च से एक नए सिस्टम के सक्रिय होने की बात कही जा रही है, लेकिन वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन का कहना है कि प्रदेश के मौस्म पर इसका कोई खास असर नहीं होगा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। भोपाल में टेम्प्रेचर 36 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, रतलाम, खंडवा, खरगोन, दमोह, धार, शाजापुर, बैतूल समेत कई शहरों में तापमान बढ़ा हुआ रह सकता है।

इससे पहले प्रदेश में पिछले 5 दिनों तक ओले-बारिश का दौर चला। छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, रायसेन, जबलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि के साथ बारिश का दौर चला। गुरुवार को यह दौर थम गया। अब गर्मी का असर बढ़ रहा है। गुरुवार को नर्मदापुरम में पारा 37.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, रतलाम, खंडवा और खरगोन में 36 डिग्री, बैतूल, शाजापुर, धार, उज्जैन और दमोह में पारा 35 डिग्री से अधिक रहा। पचमढ़ी में तापमान सबसे कम 29.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सीधी, सतना और मलाजखंड में पारा 30 डिग्री रहा। राजधानी भोपाल में 34.5 डिग्री, इंदौर में 34.1 डिग्री, ग्वालियर में 32.3 डिग्री, जबलपुर में 33 डिग्री और उज्जैन में टेम्प्रेचर 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *