दिल्ली एयरपोर्ट पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके हिरासत में, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले पुलिस की कार्रवाई
नई दिल्ली: दिल्ली में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को मुंबई से दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ सौरभ दास और आशुतोष रांका को भी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से ही हिरासत में लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही दिल्ली पुलिस की टीम विमान में दाखिल हुई और तीनों को हिरासत में लेने की कार्रवाई की। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें विमान के अंदर से ही डिटेन कर लिया।
पुलिस का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में पार्टी के सदस्य जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन नहीं कर सकते।
‘मैं गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए’: अभिजीत दिपके
दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान अभिजीत दिपके ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से कहा कि वह यहां गिरफ्तार होने आए हैं और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इस पर पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया कि यह गिरफ्तारी नहीं है और उनसे सहयोग करने को कहा।
इस घटना के बाद दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे लोगों को अलग-अलग इलाकों में हिरासत में लिए जाने की भी खबर है।
CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करना चाहती है। पार्टी का यह विरोध प्रदर्शन SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ है।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी है। इसके बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई इलाकों में पाबंदियां
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। खबर लिखे जाने तक उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 1,500 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। दिल्ली की सीमाओं पर भी सख्ती बढ़ाई गई है और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा, कई मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास को बंद किए जाने तथा दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ने की खबरें हैं। सड़कों पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त होने के कारण आम लोगों की आवाजाही और यातायात पर भी असर पड़ने की आशंका है। प्रदर्शनकारियों की हिरासत और सुरक्षा संबंधी प्रतिबंधों को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।
