ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अराजकता के पर्याय हैं अरविंद केजरीवालः भाजपा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमला बोलते हुए उन्हें अराजकता का पर्याय बताया है।

भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि ईडी ने अरविंद केजरीवाल को चौथा समन भेजा था और उनसे पूछताछ करना चाहती थी लेकिन ऐसा क्या हुआ कि वे इस कंपकपी ठंड में डर गए? उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और सांसद संजय सिंह शराब घोटाले के आरोप में सलाखों के पीछे है। यह कहना गलत नहीं होगा कि शराब घोटाले का सरगना ईडी से अपना समन वापस लेने के लिए कह रहा है। अरविंद केजरीवाल ईडी से सवाल कर रहे हैं। साफ है अराजकता का कोई उदाहरण है तो वह अरविंद केजरीवाल हैं।

गौरव भाटिया ने कहा कि ईडी ने अरविंद केजरीवाल को पहला समन 2 नवंबर, 2023 को जारी किया था। केजरीवाल उस समय विधान सभा चुनाव का हवाला दे कर पेश नहीं हुए। उसके बाद 21 दिसंबर को भेजे गए दूसरे समन में उन्होंने विपश्यना जाने का हवाला दिया था। 3 जनवरी, 2024 को तीसरे समन में भी वे नहीं पहुंचे और अब चौथे समन में वे जांच एजेंसी से ही सवाल पूछ रहे हैं। अगर उन्हें गिरफ्तारी से इतना ही डर लग रहा है तो वे कोर्ट क्यों नहीं जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात करने वाले अरविंद केजरीवाल खुद भ्रष्टाचार के दलदल में हैं और अब गिरफ्तारी से डरे हुए हैं। राजनीति के गजनी की अब याददाश्त भी जाने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *