ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के दूसरे दिन अमित शाह ने दिए गुरु मंत्र

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दूसरी यानी आखिरी दिन की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के लिए जीत सुनिश्चित करने का मंत्र दिया। केंद्रीय कार्यालय विस्तार में शनिवार को पूरे दिन चली बैठक में प्रदेशाध्यक्ष, राज्यों के प्रभारी और केंद्र के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के समापन में गृह मंत्री अमित शाह ने सभी पदाधिकारियों को संबोधित किया और उन्हें लोकसभा चुनावों के लिए कमर कसने को कहा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पदाधिकारियों को केन्द्र सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही उन्हें दस फीसदी ज्यादा वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए जुट जाने को कहा।

शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ‘एक्स’ पर कहा कि ‘अंत्योदय’ का हमारा संकल्प विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जन-जन के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन ला रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत निर्माण’ का लक्ष्य लेकर भाजपा राष्ट्र के गौरव को नया आयाम प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।

इसके साथ मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने ‘एक्स’ पर कहा कि नई दिल्ली में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा संगठन द्वारा किए गए विभिन्न नवाचारों व प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट पाने की गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की।

सत्रों के अनुसार अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम यानि 22 जनवरी के भव्य कार्यक्रम को जन जन तक पहुंचाने के लिए उसका लाइव प्रसारण के साथ पास के मंदिरों में दिया जलाने का कार्यक्रम आयोजित करने की भी बात कही गई। इसके साथ अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को ज्यादा से ज्यादा अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने के लिए कार्यक्रम का आयोजन करने को कहा गया है। इसके साथ उन लोगों को भी शामिल करने को कहा गया है जो इस राम मंदिर आंदोलन में शामिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *