मूर्ति विसर्जन को लेकर दो गुटों में झड़प
मुर्शिदाबाद जिले के कांदी इलाके में मूर्ति विसर्जन को लेकर मंगलवार देर रात झड़प हुई है। आरोप है कि झड़प के बीच इलाके के पूर्व पार्षद के घर पर आक्रोशित भीड़ ने हमला कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कांदी नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 में स्थानीय लोगों ने अलग से दुर्गा पूजा आयोजित करने की योजना बनाई थी। इसी को लेकर इलाके के वर्तमान पार्षद से विवाद चल रहा था। इस बीच पूर्व पार्षद गुरुप्रसाद मुखर्जी ने स्थानीय लोगों का साथ दिया और पूजा संपन्न हुई। मंगलवार रात जेलपाड़ा इलाके में मूर्ति विसर्जन के दौरान दोनो पक्षों के बीच अशांति शुरू हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। आरोप है कि इसी बीच कुछ लोगों ने वार्ड नंबर 10 के पूर्व पार्षद और वार्ड नंबर-9 के वर्तमान निर्दलीय पार्षद गुरुप्रसाद मुखर्जी के घर पर हमला कर दिया। जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपित की तलाश जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस पिकेट बैठा दी गई है।
बुधवार को पार्षद गुरुप्रसाद मुखर्जी ने कहा कि मुझे घटना के बारे में कुछ नहीं पता। मुझे जानबूझकर फंसाया जा रहा है और मेरे घर पर हमला किया गया है। पुलिस को जांच करने दीजिए और सब कुछ सामने आ जाएगा।
दूसरी ओर, नए पूजा आयोजक और जेलपाड़ा निवासी निखिल घोष ने कहा कि क्षेत्र के पूर्व पार्षद गुरुप्रसाद मुखर्जी हमारे साथ खड़े थे और पूजा करने में हमारी मदद की इसलिए वार्ड नंबर 10 के कुछ निवासियों ने हम पर हमला किया और हमारे पूजा मंडप को क्षतिग्रस्त कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार /गंगा




