ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पलामू में ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की भिड़ंत में दो की मौत, कई जख्मी

रांची-मेदिनीनगर मुख्यमार्ग एनएच 75 पर रजडेरवा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप बुधवार को 11.45 बजे ऑटो और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो पर सवार एक महिला तथा एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि कई लोग जख्मी हैं। घायलों को मेदिनीनगर एमआरएमसीएच तथा एक अन्य युवक को तुंबागड़ा के नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाली महिला तथा बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम मेदिनीनगर एमआरएमसीएच कराया और परिजनों को सौंप दिया है। सतबरवा थाने के एएसआई बुद्धू उरांव के अनुसार मृतक की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के हलुमाड़ गांव के बुजुर्ग कंवलधारी सिंह तथा इसी गांव के अंतू सिंह की 35 वर्षीय पत्नी के रूप में हुई है। पुलिस ट्रक और ऑटो को जब्त कर थाने ले आई है।

बताया जाता है कि ऑटो सतबरवा से सवारी लेकर मेदिनीनगर की ओर जबकि मेदिनीनगर से अनियंत्रित ट्रक रांची की ओर जा रहा था। इस बीच दोनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। घटना के बाद एनएच पर चीख पुकार मची रही। स्थानीय लोग घटनास्थल की औ दौड़ पड़े। पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को अस्पताल भेजा गया। ग्रामीणों ने बताया कि महिला और बुजुर्ग की मौत घटनास्थल पर हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *