ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भाजपा प्रवक्ता ने अखिलेश यादव को घेरा

घोसी में भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने वाला आरोपी अभिमन्यु यादव ने खुद थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। इस मामले में सोमवार सुबह तक भाजपा को घेरने वाले अखिलेश यादव दोपहर बाद खुद ही घिरते हुए नजर आये। पुलिस की तफ्तीश में वह समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता निकला। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने आरोपी के फेसबुक वाल पर अखिलेश यादव से हाथ मिलाते एक फोटो ट्वीट कर सवालिया निशान उठाया है।

अभी सुबह ही एक चैनल का वीडियो ट्वीट करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने स्याही फेंकने की घटना को भाजपा का स्टंट बताया था। उन्होंने लिखा था कि यह भाजपा द्वारा सहानुभूति लेने के लिए रची गयी साजिश है। उस वीडियो में आरोपी कह रहा था कि भाजपा वालों की चाल है। इसके बाद थाने में सरेंडर कर दिया। उसी वीडियो को अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए इसे भाजपा की साजिश बताया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सहानुभूति पाकर घोसी उपचुनाव को जीतना चाहती है। घोसी की जनता साइकिल को ही चुनेगी।

इसके बाद भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने उसके फेसबुक वाल पर अखिलेश यादव से हाथ मिलाते हुए एक फोटो ट्वीट किया। उस पर समाजवादी नेता लिखा भी है। साथ में सुबह का अखिलेश यादव द्वारा भेजे गये वीडियो का भी स्क्रीन शाॅट था। मनीष शुक्ला ने लिखा, ‘क्या अखिलेश यादव के ट्वीट में ( दारा सिंह के ऊपर स्याही डालने वाला) और समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में अखिलेश यादव के साथ खड़ा अभिमन्यु यादव डायमंड एक ही व्यक्ति है ?’ इसके साथ अखिलेश यादव से पूछा, “जरा इस पर प्रकाश डालिए।

इस मामले में पूर्व मंत्री स्वाती सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से ही घृणित राजनीति का सहारा लेती आयी है। इसमें समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं का भी हाथ हो सकता है। पुलिस को इसकी तफ्तीश करनी चाहिए। इस घटना और पुलिस की तफ्तीश ने समाजवादी पार्टी की घटिया राजनीति की पोल खोल दी है।

वहीं पूर्व मंत्री और भाजपा नेता उत्पल राय का कहना है कि समाजवादी पार्टी चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडे अपना रही है, लेकिन उसकी विजय नहीं होने वाली है। यहां भाजपा का परचम लहराएगा। जनता समाजवादी पार्टी के दोहरे चरित्र को समझ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *