ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मप्रः टीआई वास्कले का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई

देवास जिले के नेमावर थाने में पदस्थ थाना प्रभारी राजाराम वास्कले का सोमवार को उनके गृह ग्राम जिले के कोयड़िया में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। हजारों ने लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इससे पहले उन्हें पुलिस जवानों ने गार्ड आफ आनर दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टीआई वास्कले के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की है।

बड़वानी जिले में अंजड क्षेत्र के मंडवाड़ा के पास छोटे से गांव कोयड़िया के साधारण किसान परिवार में राजाराम वास्कले देवास जिले के नेमावर थाने पर पदस्थ थे। रविवार को उनकी नदी में डूबने से मौत हो गई थी।

दरअसल, उन्हें ड्यूटी के दौरान जामनेर नदी पर बने स्टॉप डैम में एक लाश होने की सूचना मिली थी। उन्होंने पानी में कूदकर उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। उसके बाद फिर उन्होंने नदी में उतरकर शव को निकालने का प्रयास किया। इस दौरान वह वहां भंवर में फंस गए। उसके बाद वहां मौजूद जवानों और ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से उन्हें निकाला और अस्पताल ले गए। गंभीर हालत में उन्हें हरदा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन के बाद गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। जांबाज सिपाही परिवार में माता-पिता, पत्नी व दो छोटे बच्चो को छोड़ गए।

सोमवार सुबह उनका पार्थिव शरीर ग्राम कोयड़िया पहुंचा। उनकी पार्थिव देह को रिमझिम वर्षा के बीच गांव के प्रमुख मार्गों से मुक्तिधाम लाया गया। नदी तट स्थित मुक्तिधाम पर देवास व बड़वानी जिले के आला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में गार्ड आफ आनर दिया गया। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ट्वीट के माध्यम से कहा कि अत्यंत दुःखद है कि बड़वानी जिले के हमारे टीआई राजाराम वास्कले अपने कर्तव्य की पूर्ति करते हुए जामनेर नदी में शव निकालने के दौरान दुर्भाग्य से भंवर में फंस गए और अब हमारे बीच नहीं रहे। स्वर्गीय वास्कले का परिवार अब मेरा परिवार है। हमने फैसला किया है कि प्रशासन की ओर से वास्कले के परिवार को एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि दी जाएगी एवं राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मैं उनके चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं एवं परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि वह उनकी दिवंगत आत्मा को शांति दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *