ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उप्र: सोने पटेल की जयंती पर एनडीए ने दिखाई एकजुटता की ताकत

अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर रविवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में एनडीए अपनी एकजुटता की ताकत दिखा रहा है। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपना दल (एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए 24 घंटे मेहनत करने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि पिछड़ों के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही पिछड़ा वर्ग मंत्रालय बनाएंगे।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित अमित शाह के परिचय को बताने की जरूरत नहीं है। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में पूरी दुनिया जानती है। उनके भाजपा अध्यक्ष रहते हुए लगातार जीत मिली है। शायद यही वजह है कि उन्हें भारत के आधुनिक चाणक्य की संज्ञा दी गयी है।

उन्होंने कहा कि अपना दल और भाजपा का गठबंधन सबसे लंबा चला है। इतने लंबे गठबंधन के पीछे सबसे अधिक महत्वपूर्ण भूमिका गृह मंत्री अमित शाह का ही है। कार्यक्रम में उपस्थित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि आज योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरन्तर आगे बढ़ रहा है। योगी ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिनकी लोकप्रियता उप्र और देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सोने लाल पटेल ने बौद्ध धर्म को अपनाया। महात्मा बुद्ध कहते थे कि हम कभी उसे नहीं देखते जो हमने किया है। हम उसे देखते हैं जिसे हमें करना बाकी है। उन्होंने अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि सभी लोग आज गांठ बांध कर यहां से जाएं और इतना कठिन परिश्रम करें ताकि 2024 में एनडीए गठबंधन की सरकार पुनः बने।

अपना दल (एस) की अध्यक्ष ने कहा कि आज विपक्षी गठबंधन का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। उसका कोई नेतृत्व करने वाला नहीं है। उनकी मंशा पिछड़ों दलितों के लिए नहीं है।

पूर्व में अनुप्रिया पटेल ने गृह मंत्री अमित शाह को सरदार पटेल की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। मंच पर उपस्थित मुख्यमंत्री योगी समेत अन्य नेताओं का भी उन्होंने स्वागत किया।

मंच पर अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, अनुप्रिया पटेल केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, योगी सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह जितिन प्रसाद, संजय निषाद, नंदगोपाल गुप्ता, नंदी, आशीष पटेल, संदीप सिंह, दिनेश सिंह समेत अन्य नेता मौजूद। भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद हैं।

गौरतलब है कि अपना दल के संस्थापक सोनेलाल की जयंती तो हर साल मनाई जाती है और उसमें सिर्फ पार्टी के नेता ही शामिल होते थे। लेकिन, इस बार इस समारोह में भाजपा के साथ ही एनडीए गठबंधन में शामिल नेता भी शामिल हुए हैं। मंच पर अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, उप्र के मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह जितिन प्रसाद, संजय निषाद, नंदगोपाल गुप्ता, नंदी, आशीष पटेल, संदीप सिंह, दिनेश सिंह समेत अन्य नेता मौजूद हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी उपस्थित हैं। माना जा रहा है कि इस मंच से एनडीए की एकता और मजबूती के साथ ही पिछड़ों की सियासत करने वाले लोगों के लिए बड़ा संदेश देने की कोशिश होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *