ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

इतिहास के पन्नों में 11 जुलाईः मुंबई में बम धमाकों से दहल गया देश

देश-दुनिया के इतिहास में 11 जुलाई की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। इस तारीख ने भारत की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई को गहरे जख्म दिए हैं। दरअसल पिछले कुछ दशकों से आतंकवाद दुनियाभर में नासूर बनकर उभरा है। 11 जुलाई, 2006 को आतंकवादियों ने मुंबई की लोकल रेलगाड़ियों में से कुछ में एक के बाद एक कई बम धमाके किए। इन धमाकों में 187 लोगों की मौत हो गई और लगभग 700 लोग घायल हुए। यह एक ऐसा जख्म है, जिसकी टीस उभरती रहती है।
हर एक धमाके के बीच एक या दो मिनट से अधिक का ही अंतर था। तीन विस्फोट बांद्रा-खार रोड, मीरा रोड-भायंदर और माटुंगा रोड-माहिम स्टेशनों के बीच हुए थे। इसके अलावा तीन अन्य धमाके तब हुए, जब ट्रेनें माहिम, जोगेश्वरी और बोरीवली स्टेशनों से रवाना हो रही थीं। सबसे अधिक लोगों की जान माहिम में हुए धमाके में गई थी। चर्चगेट-बोरिवली के बीच चलने वाली लोकल में 43 लोग मारे गए थे। इसके अलावा मीरा रोड-भयंदर के बीच चलने वाली लोकल में 31 लोगों की मौत हुई थी। चर्चगेट-विरार लोकल में 28 लोग, चर्चगेट-बोरिवली लोकल में 28, चर्चगेट-विरार (बोरिवली) लोकल में 26 लोग, चर्चगेट-बोरिवली (बांद्रा-खार रोड) लोकल में 22 और चर्चगेट लोकल में नौ लोगों की मौत हुई थी। यह सभी बम धमाके मुंबई के वेस्‍टर्न लाइन पर चलने वाली लोकल ट्रेनों में हुए थे। इन बम धमाकों के लिए प्रेशर कुकर का इस्‍तेमाल किया गया। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि ट्रेनों के परखच्चे उड़ गए। इन बम धमाकों ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। बम धमाकों की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली थी।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1889 : सोवा बाजार क्लब किसी फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने वाला पहला भारतीय दल बना।
1921 : मंगोलिया को चीन से आजादी मिली।
1922 – हॉलीवुड बाउल की शुरुआत।
1948 : यरूशलम पर पहला हवाई हमला।
1973 : पेरिस के निकट ब्राजील का बोइंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, 122 की मौत।
1977: मार्टिन लूथर किंग जूनियर को ‘मेडल ऑफ फ्रीडम’ से सम्मानित किया गया।
1979ः अमेरिकी अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्काई लैब विखंडित होकर आस्ट्रिया के पश्चिमी तट के समीप समुद्र में गिरी।
1989 : विश्व जनसंख्या दिवस मनाने की शुरुआत।
1995 : अमेरिका एवं वियतनाम के बीच कूटनीतिक रिश्ते बने।
2002 – चांग शांग दक्षिण कोरिया की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
2003ः लाहौर में दोस्ती बस और दिल्ली से सदा-ए-सरहद बस का परिचालन शुरू।
2004ः एचआईवी-एड्स पर एशियाई मंत्रियों का सम्मेलन बैंकॉक में।
2004ः पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में चुनाव प्रक्रिया पूरी। इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने हास्यापद कहा।
2007ः चर्चित चित्रकार एमएफ हुसैन ने न्यूयार्क की कला प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
2008: एप्पल ने आईफोन 3जी लॉन्च किया।
जन्म
1857ः भारतीय न्यायाधीश एवं राजनेता सी. शंकरन नायर।
1899ः राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री सीएस वेंकटाचारी।
1902ः भारत के प्रथम रक्षामंत्री सरदार बलदेव सिंह।
1920ः तमिलनाडु के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री (तीन बार) वीआर नेदुनचेजियन।
निधन
1957ः निजारी इस्माइली धर्म के 48वें इमाम आगा खां तृतीय।
1994ः परमवीर चक्र से सम्मानित सेकेंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणे।
2003ः चर्चित और सम्मानित लेखक भीष्म साहनी।
महत्वपूर्ण दिवस
-विश्व जनसंख्या दिवस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *