ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

PM मोदी के 12 साल पूरे: CM योगी और राजनाथ सिंह ने दी बधाई, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री Narendra Modi के लिए 26 मई का दिन खास माना जा रहा है। आज प्रधानमंत्री पद संभालते हुए उन्हें पूरे 12 साल हो गए हैं। साल 2014 में इसी दिन नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP), एनडीए सहयोगी दलों और कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर एक विशेष संदेश साझा किया। योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और लोककल्याण को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता बना, अंत्योदय आत्मनिर्भरता की ताकत में बदला और जनभागीदारी ने विकास को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने नारी सशक्तिकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति और वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति ने देश को एक विश्वसनीय नेतृत्व के रूप में स्थापित किया है।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि जैसी योजनाओं ने विकास को आम लोगों तक पहुंचाया है। उनके अनुसार, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र देश को विकसित भारत 2047 की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।

वहीं, रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने भी प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 भारत की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत का दिन था। राजनाथ सिंह के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’ की भावना को मजबूती मिली है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को सच्चे अर्थों में ‘प्रधान सेवक’ बताते हुए कहा कि उनका समर्पण और अथक मेहनत करोड़ों लोगों को प्रेरित करती है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *