ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दिलजीत दोसांझ के साथ मंच पर झूमीं सान्या मल्होत्रा, घुटने पर बैठकर गाया ‘चार्मर’, वायरल हुआ वीडियो

मुंबई: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने 27 नवंबर को मुंबई में अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के कॉन्सर्ट में शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस कॉन्सर्ट में बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियां भी शामिल हुईं। सान्या मल्होत्रा, करिश्मा कपूर और राशा थडानी समेत कई सितारे दिलजीत के गानों पर झूमते नजर आए। हालांकि, शाम का सबसे खास पल तब आया, जब सान्या मल्होत्रा खुद मंच पर पहुंचीं और दिलजीत के साथ डांस किया। अब दोनों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दिलजीत दोसांझ संग मंच पर झूमीं सान्या मल्होत्रा

मुंबई कॉन्सर्ट के सामने आए वीडियो में दिलजीत दोसांझ सान्या मल्होत्रा को मंच पर बुलाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने अपना गाना ‘चार्मर’ सान्या को समर्पित किया। इस दौरान दिलजीत घुटने के बल बैठ गए और गाना गाते हुए सान्या का हाथ थाम लिया।

इसके बाद दोनों ने साथ में डांस किया। दिलजीत ने सान्या को एक गिफ्ट हैम्पर भी दिया और उन्हें मंच से नीचे तक पहुंचाया। सान्या ने जब दिलजीत की तारीफ की तो वह मजाकिया अंदाज में थोड़ा शरमा गए। उन्होंने कहा, ‘अब मैं शर्मा जाऊंगा।’ इस पूरे पल ने कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों का ध्यान खींच लिया।

‘चार्मर’ गाने में साथ नजर आ चुके हैं दोनों सितारे

सान्या मल्होत्रा और दिलजीत दोसांझ इससे पहले ‘चार्मर’ गाने के म्यूजिक वीडियो में साथ काम कर चुके हैं। गाना रिलीज होने के बाद दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ और सान्या के डांस मूव्स को भी खूब पसंद किया गया।

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने गाने की सफलता का श्रेय सान्या को देते हुए कहा कि उन्होंने इस गाने पर रील्स बनाईं और उसे लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई। दिलजीत और सान्या को एक बार फिर साथ डांस करते देख फैंस काफी उत्साहित नजर आए।

सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर प्रशंसक खूब प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने इसे शानदार पल बताया तो किसी ने दोनों की केमिस्ट्री, मुस्कान और एनर्जी की तारीफ की।

दिलजीत के कॉन्सर्ट में दिखीं कई बॉलीवुड हस्तियां

मुंबई में आयोजित इस कॉन्सर्ट में सिर्फ सान्या मल्होत्रा ही नहीं, बल्कि कई अन्य सितारे भी मौजूद रहे। करिश्मा कपूर दिलजीत की परफॉर्मेंस का आनंद लेती नजर आईं। उन्होंने अपने फोन में कॉन्सर्ट के कई पल रिकॉर्ड किए।

जब दिलजीत ने मंच पर ‘सांसों की माला’ गाना गाया तो करिश्मा भी उनके साथ गुनगुनाती दिखाई दीं। इसके अलावा अवनीत कौर, राशा थडानी, सुजैन खान, अर्सलान गोनी और जैस्मीन भसीन जैसी हस्तियां भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं।

इससे पहले दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट भी काफी चर्चा में रहा था। वहां उन्होंने गानों पर लगी पाबंदियों के बीच राहत इंदौरी का मशहूर शेर सुनाया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।

लखनऊ में 5 दिसंबर को होगा दिलजीत का कॉन्सर्ट

दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत मुंबई कॉन्सर्ट के बाद भी कई शहरों में कार्यक्रम होने हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, 29 नवंबर को बेंगलुरु में उनका अगला शो होगा।

इसके बाद 5 दिसंबर को दिलजीत लखनऊ में परफॉर्म करेंगे। फिर 12 दिसंबर को चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में उनका कॉन्सर्ट होगा। वहीं, 19 दिसंबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में इस इंडिया टूर का समापन होगा।

मुंबई में सान्या मल्होत्रा के साथ उनके डांस ने इस कॉन्सर्ट को और खास बना दिया है। अब लखनऊ समेत आगामी शहरों में होने वाले शो को लेकर भी प्रशंसकों में उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *