ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भीगी हुई मूंगफली ज्यादा फायदेमंद या भुनी हुई? डॉक्टर से जानें सर्दियों में खाने का सही तरीका और मात्रा

सर्दियों के मौसम में मूंगफली खाना काफी पसंद किया जाता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक और किफायती स्नैक भी है। कुछ लोग मूंगफली को रातभर पानी में भिगोकर खाते हैं, तो कुछ को भुनी हुई मूंगफली पसंद होती है। लेकिन अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि सेहत के लिहाज से भीगी हुई मूंगफली बेहतर है या भुनी हुई?

इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ. वामशी विटला, कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन, ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल बताते हैं कि दोनों तरह की मूंगफली सेहत के लिए फायदेमंद हो सकती हैं। ऐसा कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है, जो भीगी हुई मूंगफली को भुनी हुई मूंगफली से ज्यादा पौष्टिक साबित करता हो। दोनों में से किसे खाना बेहतर है, यह व्यक्ति की पसंद, पाचन और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है।

मूंगफली खाने से शरीर को मिलते हैं कई पोषक तत्व

मूंगफली में पौधों से मिलने वाला प्रोटीन, हेल्दी अनसैचुरेटेड फैट, डाइटरी फाइबर, विटामिन E, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसे संतुलित आहार में शामिल करने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।

इसमें मौजूद प्रोटीन और हेल्दी फैट पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। इससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है। संतुलित मात्रा में मूंगफली खाना दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकता है।

भीगी हुई मूंगफली खाने के क्या फायदे हैं?

जो लोग मूंगफली को भिगोकर खाना पसंद करते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है। मूंगफली को पानी में भिगोने से इसमें मौजूद फाइटेट्स जैसे कुछ तत्वों की मात्रा कुछ हद तक कम हो सकती है। ये तत्व शरीर में कुछ खनिजों के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं।

हालांकि, यह समझना जरूरी है कि मूंगफली भिगोने से उसमें प्रोटीन या अन्य पोषक तत्वों की मात्रा में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होती। इसलिए भीगी हुई मूंगफली को हर स्थिति में भुनी हुई मूंगफली से बेहतर नहीं कहा जा सकता।

भुनी हुई मूंगफली भी है पौष्टिक विकल्प

भुनी हुई मूंगफली भी पोषण के लिहाज से अच्छा विकल्प है। खासकर बिना अतिरिक्त तेल और नमक के भुनी हुई मूंगफली को रोजाना के स्नैक में शामिल किया जा सकता है।

ध्यान रखें कि बाजार में मिलने वाली फ्लेवर्ड मूंगफली में कई बार ज्यादा नमक, तेल और अन्य सामग्री मिलाई जाती है। इसलिए सादा और कम नमक वाली मूंगफली का चुनाव करना बेहतर है।

रोज कितनी मूंगफली खाना है सही?

सर्दियों में रोजाना लगभग 25 से 30 ग्राम यानी एक छोटी मुट्ठी मूंगफली खाना पर्याप्त हो सकता है। हालांकि, इसकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि मूंगफली में कैलोरी काफी अधिक होती है।

कुछ लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार इसकी मात्रा सीमित रखने की जरूरत हो सकती है। इसलिए नियमित रूप से अधिक मात्रा में मूंगफली खाने से बचना चाहिए।

इन लोगों को मूंगफली खाते समय रखनी चाहिए सावधानी

  • हाई ब्लड प्रेशर के मरीज: ऐसे लोगों को ज्यादा नमक वाली मूंगफली से बचना चाहिए। बिना नमक वाली मूंगफली बेहतर विकल्प हो सकती है।
  • किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोग: इन्हें अपनी बीमारी और डाइट की जरूरत के अनुसार डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेकर ही मूंगफली खानी चाहिए।
  • मूंगफली से एलर्जी वाले लोग: जिन्हें मूंगफली से एलर्जी है, उन्हें इसे पूरी तरह खाने से बचना चाहिए। एलर्जी की प्रतिक्रिया कुछ मामलों में गंभीर हो सकती है।

मूंगफली को सही तरीके से रखना भी है जरूरी

मूंगफली खरीदने और खाने के साथ-साथ इसे सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी है। इसे हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर रखें। नमी के संपर्क में आने से मूंगफली में फफूंद लग सकती है, इसलिए खराब या फफूंद लगी मूंगफली खाने से बचें।

कुल मिलाकर, भीगी हुई और भुनी हुई दोनों तरह की मूंगफली पौष्टिक हैं। आप अपनी पसंद और पाचन के अनुसार इनमें से किसी एक को चुन सकते हैं। सबसे जरूरी है कि मूंगफली सीमित मात्रा में खाएं और अपनी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *