ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उत्तराखंड में मानसून की दस्तक, चौतरफा बरसात, मुख्यमंत्री पहुंचे कंट्रोल रूम

उत्तराखंड में इस बार छह दिन पहले मानसून ने दस्तक दी है। देहरादून, मसूरी, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश में रविवार सुबह से मानसून की बौछारें पड़ रही हैं। ऊपरी क्षेत्र में बर्फबारी से मौसम सर्द है। मौसम विज्ञान विभाग ने 30 जून तक तेज बारिश की चेतावनी दी है। इस पर आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुबह सचिवालय में स्थापित कंट्रोल रूम पहुंचकर राज्य में बारिश को लेकर बातचीत की। राज्य में देररात से बारिश हो रही है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में बरसात हो रही है। देहरादून और मसूरी में आसपास के इलाकों के बरसाती नाले उफान पर हैं।

देहरादून में स्मार्ट सिटी के कार्यों के लेकर सड़कों पर की गई खुदाई के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ रही है। देहरादून में कुल नौ मार्ग बंद हो गए हैं। इनमें आठ ग्रामीण और साहिया क्यानु राज्य मार्ग स्लीप आने से बंद है। उसे खोला जा रहा है।

रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही। ऋषिकेश में मध्यरात्रि से हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। रविवार की सुबह मूसलाधार बारिश में बदल गई। केदारनाथ के ऊपरी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी से ठंड शुरू हो गई है। चम्पावत जिले में भी बारिश हो रही है। चमोली में भी आसमान में बादल छाए हुये हैं। टिहरी जनपद में हल्की बारिश हो रही है। बारिश से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत महसूस की जा रही है। पर्वतीय इलाकों में काश्तकारों के चेहरे खिल उठे हैं।

उत्तरकाशी में झमाझम बारिश हो रही है। गंगोत्री -यमुनोत्री सड़क जगह-जगह से बंद हो गई है, जिसे खोलने का कार्य जारी है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग ओरछा बैंड के पास अवरुद्ध हो गया था, जिसे रविवार की सुबह खोल दिया गया। हरिद्वार को छोड़कर लगभग सभी जनपदों के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार औरसोमवार से मानसून की वर्षा शुरू होने की उम्मीद है।

उत्तराखंड में इस साल 23 जून तक 66 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य 115.6 से 43 फीसदी कम है। पिछले साल 30 जून को मानसून ने पूरी तरह से प्रवेश कर लिया था। राज्य में 2022 में 29 जून को मानसून की आमद हुई थी। जून से सितंबर के बीच 97 फीसदी बारिश हुई थी।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि देहरादून समेत सात जनपदों में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया किया गया है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल व बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है। शेष जिलों में कही-कही स्थानों पर तीव्र और बहुत तीव्र दौर के साथ भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *