ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने प्रोफेसर सत्यजीत जेटली के काव्य संग्रह का किया विमोचन

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजकीय महाविद्यालय के लेक्चरर प्रोफेसर सत्यजीत जेटली के काव्य संग्रह “दी टीयर्स ऑफ दी डेड” का नई दिल्ली में अपने कार्यालय में विमोचन किया। प्रोफेसर जेटली ने इस काव्य संग्रह में देश और दुनिया में घटित महत्वपूर्ण घटनाओं को कविताओं के माध्यम से व्यक्त किया है।

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने विमोचन के अवसर पर प्रोफेसर जेटली के प्रयासों की सराहना की और उनके काव्य संग्रह को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक कृतियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन सकती हैं।

प्रोफेसर जेटली ने बताया कि यह काव्य संग्रह युवाओं को जीवन के तूफानों से बिना हिम्मत हारे लड़ने के लिए प्रेरित करता है। इसके साथ ही, यह विश्व को युद्ध और अनावश्यक हिंसा की बढ़ती घटनाओं के प्रति चेतावनी देता है। महिलाओं के लिए, कविताएं उनके वजूद के लिए डट कर मुकाबला करने की प्रेरणा प्रदान करती हैं। समाज में बढ़ते हुए स्वार्थ पर चिंता व्यक्त करते हुए, कविताएं आपसी प्रेम और संबंधों की अहमियत को रेखांकित करती हैं। इस संग्रह में युवतियों और छात्राओं को भी प्रेरित किया गया है कि वे समाज में अन्याय का सशक्त तरीके से विरोध करें और खुद को इतना मजबूत बनाएं कि अपराधी उनसे डरें। संग्रह के इस पहले भाग में धरती से संबंधित हर विषय को गंभीरता से दर्शाया गया है। प्रोफेसर जेटली ने कहा कि इस काव्य संग्रह का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक और प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि इस काव्य संग्रह का द्वितीय संस्करण जुलाई में प्रकाशित होगा। प्रथम संस्करण की सीमित संख्या में प्रतियां प्रकाशित की गई थीं, जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध हैं।

प्रोफेसर जेटली ने उपराष्ट्रपति के आशीर्वाद और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *