’25 लाख का ऑफर मिला, लेकिन ठुकरा दिया’: ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ को लेकर सुनील पाल का दावा
मुंबई: कॉमेडियन सुनील पाल ने दावा किया है कि उन्हें ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में शामिल होने के लिए कॉमेडियन समय रैना की ओर से 25 लाख रुपये का ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। पाल का कहना है कि उन्होंने शो की भाषा और कंटेंट को देखते हुए यह फैसला लिया। मुंबई में गुरुवार को पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनील पाल ने कहा कि समय रैना ने उन्हें शो का हिस्सा बनने का प्रस्ताव दिया था। उनके मुताबिक, जब उन्हें 25 लाख रुपये की पेशकश की गई तो उन्होंने साफ कहा कि वह किसी को गाली नहीं देंगे और न ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल करेंगे। पाल के अनुसार, इस पर समय रैना ने उनसे कहा कि उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन शो में मौजूद अन्य लोग इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करेंगे। इस बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसे इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर सिद्धांत (Cidhant) ने साझा किया।
शो के कंटेंट पर उठाए सवाल
सुनील पाल ने शो के कंटेंट की भी आलोचना करते हुए कहा कि एक ओर देश का युवा जिम्मेदार और संस्कारी बनने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ऐसे कार्यक्रमों को मंच दिया जा रहा है जिनमें अश्लीलता और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया जाता है। उनका मानना है कि मनोरंजन के नाम पर इस तरह के कंटेंट को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
पहले भी कर चुके हैं आलोचना
यह पहली बार नहीं है जब सुनील पाल ने समय रैना के शो पर सवाल उठाए हैं। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी की मौजूदगी के बाद भी उन्होंने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा था, “जहां है गालियां, वहां है आलिया।”
2025 से जारी है विवाद
सुनील पाल और समय रैना के बीच विवाद की शुरुआत वर्ष 2025 में हुई थी। उस समय पाल ने यूट्यूब पर स्ट्रीम हुए ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के पहले सीजन में इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा की सार्वजनिक रूप से आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि इस तरह की प्रस्तुति को स्टैंड-अप कॉमेडी नहीं कहा जा सकता और इससे इस कला का स्तर प्रभावित होता है।