श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ईथा’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद श्रद्धा कपूर के लावणी सम्राज्ञी विठाबाई नारायणगांवकर के किरदार में शानदार ट्रांसफॉर्मेशन की जमकर तारीफ हुई। हालांकि अब फिल्म के टाइटल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार और राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त लावणी एवं तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। ग्रामीण इलाकों में उन्हें प्यार से ‘ईथा’ या ‘विठा’ कहकर पुकारा जाता था, लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि फिल्म का नाम उनके आधिकारिक नाम ‘विठाबाई नारायणगांवकर’ की बजाय ‘ईथा’ क्यों रखा गया।
एनसीपी ने की टाइटल बदलने की मांग
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) महाराष्ट्र के फिल्म एवं सांस्कृतिक विभाग ने फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर और प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स को पत्र लिखकर फिल्म का नाम बदलने की अपील की है। विभाग के राज्य अध्यक्ष बाबासाहेब पाटिल का कहना है कि विठाबाई नारायणगांवकर महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके सम्मान में फिल्म के शीर्षक में उनका पूरा नाम शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भले ही लोग उन्हें ‘ईथा’ कहकर बुलाते थे, लेकिन देश-दुनिया में उनकी पहचान विठाबाई नारायणगांवकर के नाम से है। ऐसे में नई पीढ़ी तक उनकी सही पहचान पहुंचाने के लिए फिल्म का शीर्षक भी उसी नाम पर होना चाहिए।
परिवार ने भी रखी अपनी मांग
विठाबाई नारायणगांवकर के पोते और विठाबाई नारायणगांवकर तमाशा मंडल के संचालक मोहित नारायणगांवकर ने स्पष्ट किया कि परिवार फिल्म का विरोध नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे फिल्म का स्वागत करते हैं, लेकिन चाहते हैं कि शीर्षक में उनकी दादी का पूरा और आधिकारिक नाम इस्तेमाल किया जाए। मोहित के अनुसार, फिल्म की घोषणा के समय निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने उनसे संपर्क किया था और भरोसा दिलाया था कि यह फिल्म लावणी और तमाशा कला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएगी। हालांकि उसके बाद से परिवार के साथ कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि टीजर में श्रद्धा कपूर का लुक और अभिनय उन्हें बेहद पसंद आया, लेकिन उनका मानना है कि फिल्म के नाम में ‘विठाबाई नारायणगांवकर’ का उल्लेख होना कलाकार के प्रति सच्चा सम्मान होगा।
मेकर्स की ओर से नहीं आया जवाब
एनसीपी का कहना है कि पत्र भेजने के अलावा व्हाट्सएप के जरिए भी निर्देशक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। पार्टी का दावा है कि मेकर्स फिलहाल टाइटल से जुड़े कुछ रजिस्ट्रेशन संबंधी मुद्दों पर काम कर रहे हैं। फिल्म ‘ईथा’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि इसका निर्माण मैडॉक फिल्म्स ने किया है। टीजर में श्रद्धा कपूर का गर्भवती अवस्था में मंच पर प्रस्तुति देने वाला दृश्य सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा और दर्शकों ने उनके अभिनय की सराहना की। अब देखना होगा कि बढ़ते विवाद के बीच मेकर्स फिल्म के टाइटल में बदलाव करते हैं या अपने मौजूदा नाम के साथ ही रिलीज की तैयारी जारी रखते हैं।
