ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

शिमला की रातें मैदानी इलाकों से गर्म, सामान्य से 6.3 डिग्री ऊपर पहुंचा पारा

सर्दियों के मौसम में पहाड़ों की रानी शिमला में रात का पारा लुढ़कने की बजाय बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि शिमला की रातें मैदानी इलाकों से गर्म दर्ज की जा रही हैं। शुक्रवार की रात शिमला का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है। पिछले चार दिन में शिमला के न्यूनतम तापमान में करीब सात डिग्री का उछाल आया है। बीते नौ जनवरी को शिमला में सीजन की सबसे सर्द रात रही, तब शिमला में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद शिमला के न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

शिमला में जहां सर्दी का असर कम हुआ है, वहीं राज्य के मैदानी इलाकों बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर में दोपहर तक लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ रहा है। राहत की बात यह है कि बीते 24 घण्टों के दौरान प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक लाहौल-स्पीति जिला का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। इसके अलावा सुंदरनगर में 3.6 डिग्री, भुंतर में 5.1 डिग्री, कल्पा में 3.8, धर्मशाला में 9.2, ऊना में 4, मनाली में 6.1, कांगड़ा में 6.6, मंडी में 3.8, चम्बा में 5.9, डल्हौजी में 6.4, जुब्बड़हट्टी में 8.8, कुफरी में 9.2, नारकंडा में 7.3, भरमौर में 9.3, रिकांगपिओ में 7.1 और सियोबाग में 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य भर में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में 16 व 17 जनवरी को बारिश व बर्फ़बारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार जनवरी महीने में बारिश-बर्फबारी सामान्य से 100 फीसदी कम हुई है और यह स्थिति 17 वर्ष के बाद आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *