ऋषभ शेट्टी का जन्मदिन: ‘कांतारा’ फेम एक्टर की फाउंडेशन शिक्षा और समाज सेवा में कर रही मदद
नई दिल्ली: नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता, लेखक और निर्देशक ऋषभ शेट्टी आज (6 जुलाई) अपना जन्मदिन मना रहे हैं। कंतारा और कंतारा चैप्टर-1 जैसी सुपरहिट फिल्मों से पहचान बनाने वाले ऋषभ शेट्टी ने न सिर्फ भारतीय सिनेमा में अपनी मजबूत जगह बनाई है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। ऋषभ शेट्टी अपनी फिल्मों में भारतीय संस्कृति और लोककथाओं को जीवंत करने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे उनकी पहचान एक ऐसे व्यक्ति की है जो शिक्षा और सामाजिक विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने अपनी पत्नी प्रगति शेट्टी के साथ मिलकर ऋषभ फाउंडेशन की शुरुआत की है, जो शिक्षा, सामुदायिक विकास और समाज कल्याण के क्षेत्र में कार्य करता है। इस फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंद और मेधावी छात्रों को सहयोग देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। फाउंडेशन के जरिए कई छात्रों को स्कॉलरशिप दी जाती है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे अपनी पढ़ाई जारी रख सकें और अपने सपनों को पूरा कर सकें। ऋषभ शेट्टी का मानना है कि किसी भी बच्चे की शिक्षा पैसों की कमी के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, उनका फाउंडेशन सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की दिशा में भी काम कर रहा है। कई स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर, शैक्षणिक संसाधन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। ऋषभ शेट्टी युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए भी सक्रिय हैं। वे इंटरनेशनल वॉलंटियरिंग ईयर के ब्रांड एंबेसडर हैं और युवाओं को देश और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। सिनेमा में सफलता हासिल करने के बावजूद ऋषभ शेट्टी अपनी जड़ों और पारिवारिक मूल्यों से जुड़े हुए हैं। एक बेटे, पति और पिता के रूप में वे सादगी और विनम्रता को प्राथमिकता देते हैं, जो उन्हें अन्य कलाकारों से अलग बनाती है। आज उनके जन्मदिन पर उनका सफर यह संदेश देता है कि असली सफलता सिर्फ फिल्मों या पुरस्कारों तक सीमित नहीं होती, बल्कि उन लोगों की जिंदगी में आए बदलाव से भी मापी जाती है, जिनकी मदद आप करते हैं।