ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बोर्ड पैटर्न पर हुई 5वीं और 8वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित

स्कूल शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बोर्ड पैटर्न पर ली गई कक्षा पांचवीं और आठवीं की वार्षिक परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया है। कक्षा पांचवीं का परिणाम 90.97 फीसदी रहा है। इसमें सरकारी स्कूल के 91.53 और निजी स्कूल के 90.18 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए, जबकि मदरसों का परिणाम 73.26 फीसदी रहा है। इसी तरह कक्षा आठवीं का रिजल्ट 87.71 फीसदी रहा है। आठवीं में सरकारी स्कूल के 86.22 फीसदी, निजी स्कूल के 90.60 फीसदी और मदरसा के 67.40 फीसदी छात्रों ने बाजी मारी है।

राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक धनराजू एस ने परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए कक्षा पांचवीं 5वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 6 से 13 मार्च और कक्षा आठवीं की वार्षिक परीक्षाएं 6 से 14 मार्च तक आयोजित की गई थीं। इन दोनों परीक्षाओं में करीब 24 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें कक्षा-5 के 12 लाख 35 हजार के करीब और कक्षा-8 के 11 लाख 37 हजार के करीब बच्चे शामिल हैं। विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम राज्य शिक्षा केन्द्र की वेबसाइट https://www.rskmp.in/BoardExam/Result24/StudentResult.aspx पर देख सकते हैं।

धनराजू एस ने बताया कि इस बार दोनों ही कक्षाओं में शहरों के मुकाबले ग्रामीण अंचल का परिणाम अच्छा रहा है। कक्षा पांचवीं में ग्रामीण क्षेत्रों का परिणाम 92.60 और शहरी क्षेत्रों का परिणाम 86.19 फीसदी रहा। वहीं, आठवीं में ग्रामीण क्षेत्रों के 88.35 फीसदी और शहरी क्षेत्रों के 86.04 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे हैं। इसी तरह दोनों ही कक्षाओं में बालकों के मुकाबले बालिकाओं ने बाजी मारी है। पांचवीं में 89.62 फीसदी बालक और 92.41 फीसदी बालिकाएं पास हुए हैं, जबकि आठवीं में 85.94 फीसदी बालक और 89.56 फीसदी बालिकाएं परीक्षा पास करने में सफल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *