ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राष्ट्रपति के रांची दौरे के मद्देनजर उपायुक्त ने विधि व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश

उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने 28 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं शांति-व्यवस्था को लेकर संबंधित सभी अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उपायुक्त ने शनिवार देर रात दिए आदेश में कहा कि हवाई अड्डा मुख्य गेट पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी का दायित्व होगा कि हवाई अड्डा के अन्दर सिर्फ उन्हीं व्यक्तियों को डीएफएमडी गेट से जाने देंगे जिनके पास जिला प्रशासन की ओर से निर्गत पास हो। हवाई अड्डा के बाहर भीड़ नहीं एकत्रित हो तथा कोई भी अनाधिकृत वाहन की पार्किंग नहीं होने पाए। एकत्रित जनसमूह को हवाई अड्डा से कार्यक्रम स्थल जाने वाली सड़क के दोनों किनारे 10 फीट की दूरी पर रखेंगे। साथ ही सड़क के दोनों तरफ वाहनों को भी खड़ा नहीं होने देंगे।

थाना प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। गश्ती दल का मुख्य दायित्व यह रहेगा कि वे राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व तथा उनके प्रस्थान तक सम्पूर्ण हवाई अड्डा के बाहरी क्षेत्रों में लगातार गश्ती करते रहेंगे और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखेंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश हवाई अड्डा के प्रतिबंधित क्षेत्र में न हो। सम्बंधित पुलिस अधिकारी उपलब्ध बलों से एयरपोर्ट के आसपास जांच और निगरानी सुनिश्चित करवायेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति विशेष विमान से 28 फरवरी को रांची आएंगी। बिरसा मुण्डा हवाई अड्डा पर विशेष विमान की सुरक्षा के लिए पुलिस पदाधिकारी एवं बल प्रतिनियुक्त किये गये हैं। ये सभी पदाधिकारी इन्डियन ऑयल डिपो के पास रहेंगे और राष्ट्रपति एवं कारकेड के हवाई अड्डा से प्रस्थान के पश्चात विशेष विमान एवं विशेष हेलीकॉप्टर को अपने-अपने सुरक्षा घेरे में ले लेंगे और तबतक अपने स्थान पर बने रहेंगे जबतक कि राष्ट्रपति लौट नहीं जाए।

उपायुक्त ने कहा है कि विमान और हेलीकॉप्टर में ईंधन भरने की स्थिति में ईंधन का सैंपल सीलबन्द कराने का दायित्व सभी सम्बंधित अधिकारी का है। पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि वायुयान और हेलीकॉप्टर के दोनों तरफ दो संतरी हमेशा तैनात रहें। राष्ट्रपति के आगमन पर सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं बल निर्धारित समय पर स्मार्ट एवं वर्किंग यूनिफार्म (औपचारिक ड्रेस) में ड्यूटी करेंगे। सारी व्यवस्था राष्ट्रपति के प्रस्थान के दो घंटे बाद तक बनी रहेगी।

उपायुक्त ने कहा है कि प्रतिनियुक्त पदाधिकारी या कर्मचारी सहित कोई भी व्यक्ति राष्ट्रपति के साथ सेल्फी लेने का कार्य नहीं करेगा। प्रेस के फोटोग्राफर जिन्हें फोटो युक्त पहचान पत्र निर्गत किये गये हैं उन्हें ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने देंगे। खाद्य पदार्थ-पेय पदार्थ की जांच के बाद ही राष्ट्रपति और अन्य गणमान्य के लिए व्यवस्था करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *