राहुल खन्ना: सुपरस्टार विनोद खन्ना के बेटे, फिर भी बॉलीवुड से दूर चुनी अपनी अलग राह
नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना के बेटे राहुल खन्ना को भले ही एक स्टार किड के रूप में जाना जाता है, लेकिन उनका बचपन और जीवनशैली फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से काफी अलग रही है। छोटे भाई अक्षय खन्ना की तरह फिल्मों में बड़ा व्यावसायिक मुकाम हासिल न करने के बावजूद राहुल ने अपनी एक अलग पहचान बनाई। 20 जून 1972 को मुंबई में जन्मे राहुल खन्ना, पूर्व अभिनेता विनोद खन्ना और पूर्व मॉडल गीतांजलि खन्ना के बड़े बेटे हैं। हालांकि उनके परिवार का हिंदी सिनेमा से गहरा नाता रहा है, लेकिन राहुल ने हमेशा अपनी निजी और पेशेवर राह अलग रखने की कोशिश की। राहुल खन्ना ने कई इंटरव्यू में बताया था कि उनका बचपन उतना “फिल्मी” नहीं था जितना लोग मान लेते हैं। उनके अनुसार, जब वह छोटे थे तभी उनके माता-पिता अलग हो गए थे, जिसके बाद वह अपनी मां के साथ बड़े हुए। इस वजह से उनका झुकाव फिल्मों की बजाय सामान्य पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों की ओर अधिक रहा। शुरुआत में राहुल का सपना अभिनेता बनने का नहीं था। उन्हें ड्राइंग और कार्टून बनाने में रुचि थी और वह रचनात्मक क्षेत्र में करियर बनाना चाहते थे। बाद में उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से अभिनय की औपचारिक शिक्षा ली, जहां से उनके करियर की दिशा बदली। अभिनय से पहले राहुल खन्ना एमटीवी एशिया में वीडियो जॉकी के रूप में लोकप्रिय हुए। उनकी स्टाइल और प्रेजेंटेशन को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद उन्होंने 1999 में दीपा मेहता की फिल्म ‘अर्थ’ से बॉलीवुड में कदम रखा, जिसमें उनके साथ आमिर खान भी नजर आए थे। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद उन्होंने ‘ऐलान’, ‘रकीब’, ‘लव आज कल’ और ‘वेक अप सिड’ जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि वह अपने पिता विनोद खन्ना या भाई अक्षय खन्ना जैसी मुख्यधारा की व्यावसायिक सफलता हासिल नहीं कर सके। राहुल ने केवल बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स और टेलीविजन में भी काम किया। वह अमेरिकी सीरीज ‘द अमेरिकन्स’ में नजर आए, जहां उनके अभिनय को सराहा गया। इसके अलावा उन्होंने कई बड़े इवेंट्स और अवॉर्ड शो की मेजबानी भी की। 2019 में वह दीपा मेहता की वेब सीरीज ‘लीला’ में भी दिखाई दिए। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने मॉडलिंग और लेखन में भी अपनी पहचान बनाई। हालांकि उनके एक विवादित फोटोशूट को लेकर लंबे समय तक चर्चा होती रही है।