पुणे एयरपोर्ट पर फिर शुरू हुआ संचालन, वायुसेना विमान की हार्ड लैंडिंग से रनवे हुआ था क्षतिग्रस्त
- BREAKING NEWS INDIA MAHARAHSTRA MUMBAI NEWS STATE TRENDING VIRAL
Madhulika- April 18, 2026
- 0
- 0
- 4 minutes read
पुणे एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन एक बार फिर से शुरू हो गया है। शुक्रवार रात भारतीय वायुसेना के एक विमान की हार्ड लैंडिंग के कारण रनवे क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
रनवे की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर किया गया और शनिवार सुबह तक इसे पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया। सुबह करीब 7:30 बजे पहली फ्लाइट ने उड़ान भरी, जबकि 8 बजे तक लैंडिंग भी शुरू हो गई। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात तक हवाई यातायात पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
घटना के बाद भारतीय वायुसेना ने जानकारी दी कि एक सैन्य विमान से जुड़ी घटना के कारण रनवे कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। हालांकि, विमान का चालक दल पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी नागरिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।
शुक्रवार रात करीब 10:25 बजे लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी समस्या आने से यह घटना हुई, जिससे रनवे को नुकसान पहुंचा। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को सामान्य करने में करीब 4 से 5 घंटे का समय लगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने भी रनवे बंद होने की पुष्टि की और बताया कि एयरलाइंस को तुरंत सूचित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह लगातार एयरपोर्ट प्रशासन और वायुसेना अधिकारियों के संपर्क में रहे ताकि जल्द से जल्द संचालन बहाल किया जा सके।
रनवे बंद रहने के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं। इंडिगो की 65 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जिनमें 31 आगमन और 34 प्रस्थान वाली थीं। वहीं एयर इंडिया की 6 उड़ानें रद्द हुईं। इसके अलावा स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस की भी कई फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।