ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भारत-बांग्लादेश के बीच अगरतला-अखौरा अंतरराष्ट्रीय रेलवे लिंक सहित तीन परियोजनाओं का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए त्रिपुरा के अगरतला और बांग्लादेश के ब्राह्मणबारिया जिले के अखौरा के बीच भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय रेल मार्ग का उद्घाटन किया। संयुक्त रूप से जिन तीन भारतीय सहायता प्राप्त विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया उनमें अखौरा अगरतला क्रॉस-बॉर्डर रेल लिंक, खुलना-मोंगला पोर्ट रेल लाइन और मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट की यूनिट- II शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि हम एक बार फिर भारत-बांग्लादेश सहयोग की सफलता का जश्न मनाने के लिए एक साथ जुड़े हैं। हमारे संबंध निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। पिछले 9 वर्षों में हमने मिलकर जितना काम किया है, इतना काम कई दशकों में भी नहीं हुआ था। हमने बॉर्डर पर शांति, सुरक्षा और स्थिरता की बहाली के लिए दशकों से लंबित भूमि सीमा समझौता किया और समुद्री सीमा को भी सुलझाया।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों की साझा अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हमने इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के विकास पर विशेष बल दिया। पिछले 9 वर्षों में 3 नई बस सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे ढाका-अगरतला-शिलांग-गुवाहाटी और कोलकाता को आपस में जोड़ा गया है। मोदी ने कहा, “पिछले वर्षों में तीन नई रेल सेवाएं शुरू की गईं। 2020 से भारत और बांग्लादेश के बीच कंटेनर और आंशिक ट्रेनें चल रही हैं। पिछले नौ वर्षों में यात्रियों और माल के परिवहन के लिए अंतर्देशीय जलमार्ग विकसित किए गए हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे कनेक्टिविटी पहल ने कोविड महामारी के दौरान लाइफलाइन का काम किया। ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने 4 हजार टन से ज्यादा तरल चिकित्सा ऑक्सीजन भारत से बांग्लादेश पहुंचाई। हमने सबका साथ-सबका विकास की हमारी अप्रोच को बांग्लादेश जैसे अपने निकटतम पड़ोसी मित्र के लिए भी प्रासंगिक माना है। बांग्लादेश का सबसे बड़ा विकास भागीदार होने पर हम गौरवान्वित महसूस करते हैं। आज जिन 3 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया गया है, इनका निर्णय भी हमने ही लिया था और इन्हें लोगों को समर्पित करने का सौभाग्य भी हमें ही मिला है।

उद्घाटन के दौरान बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा, “सितंबर 2023 में जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली की मेरी यात्रा के दौरान आपके गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए मैं आपको धन्यवाद देना चाहती हूं, मोदी जी। मैं दोनों देशों के बीच दोस्ती के बंधन को मजबूत करने की आपकी प्रतिबद्धता के लिए दिल से आभार व्यक्त करती हूं।”

शेख हसीना ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी गहरी सराहना और कृतज्ञता व्यक्त करना चाहूंगी। शेख मुजीबुर रहमान की बायोपिक मुजीब द मेकिंग ऑफ ए नेशन की स्क्रीनिंग अब बांग्लादेश और भारत दोनों जगह चल रही है।”

उल्लेखनीय है कि अखौरा-अगरतला क्रॉस बॉर्डर रेल लिंक परियोजना को भारत सरकार द्वारा बांग्लादेश को दी गई 392.52 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता के तहत क्रियान्वित किया गया है। बांग्लादेश में 6.78 किमी दोहरी गेज रेल लाइन और त्रिपुरा में 5.46 किमी के साथ रेल लिंक की लंबाई 12.24 किलोमीटर है।

खुलना- मोंगला पोर्ट रेल लाइन परियोजना को भारत सरकार की रियायती ऋण सुविधा के तहत 388.92 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कुल परियोजना लागत के साथ कार्यान्वित किया गया है। इस परियोजना में मोंगला बंदरगाह और खुलना में मौजूदा रेल नेटवर्क के बीच लगभग 65 किलोमीटर ब्रॉड गेज रेल मार्ग का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही बांग्लादेश का दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह मोंगला ब्रॉड गेज रेलवे नेटवर्क से जुड़ गया है।

1.6 बिलियन अमेरिकी डालर के भारतीय रियायती वित्तपोषण योजना ऋण के तहत मैत्री सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट, बांग्लादेश के खुलना डिवीजन के रामपाल में स्थित 1320 मेगावाट (2×660) सुपर थर्मल पावर प्लांट है। यह परियोजना बांग्लादेश-भारत मैत्री पावर कंपनी प्रा.लि. द्वारा कार्यान्वित की गई है, जो भारत की एनटीपीसी लिमिटेड और बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड के बीच 50:50 की संयुक्त उद्यम कंपनी है। मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट की यूनिट-1 का सितंबर 2022 में दोनों प्रधानमंत्रियों द्वारा संयुक्त रूप से अनावरण किया गया था और यूनिट-2 का उद्घाटन 1 नवंबर 2023 को किया जाएगा। मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट के संचालन से बांग्लादेश में ऊर्जा सुरक्षा बढ़ेगी। ये परियोजनाएं क्षेत्र में कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *