ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अयोध्या में श्रीराम लला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जींद हुआ राममय

अयोध्या में सोमवार को भगवान श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जींद भी राममय नजर आया। शहरभर में कहीं हलवे व खीर का प्रसाद बंटा तो कहीं शोभा यात्राएं निकाली गई। पूरा दिन जींद जय श्री राम के नारों से गुंजायमान रहा। अयोध्या से कार्यक्रम को लाइव दिखाने को लेकर जींद की अग्रवाल धर्मशाला में जहां बड़ी स्क्रीन लगाई गई, वहीं विधायक आवास पर भव्य संक्रीर्तन का आयोजन किया गया।

शहर के सभी मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। हालांकि कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में न पहुंच पाने का लोगों को मलाल भी है, लेकिन वो इस पल को ऐतिहासिक बनाने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ रहे हैं। जयति-जयति हिंदू महान संगठन के राष्ट्रीय संयोजक अतुल चौहान ने कहा कि 500 साल के अथक संघर्ष व बलिदानों के पश्चात यह शुभ दिन आया है कि अयोध्या में श्रीराम लला के विग्रह की टैंट से भव्य मंदिर में स्थापना हो रही है। यह हम सबके लिए बड़े सौभाग्य व खुशी का दिन है। हम सभी को यह दिन विशेष पर्व के रूप में मनाना चाहिए। इसीलिए संगठन द्वारा शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक रानी तालाब पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। रानी तालाब को दस हजार दीयो से जगमग किया जाएगा।

इसके अलावा बस अड्डा के सामने जैन धर्मार्थ अस्पताल में ओपीडी बिल्कुल मुफ्त रही। साथ ही आमजन को पांच हजार से अधिक भगवान श्रीराम की ध्वजाएं भी वितरित की गई हैं। जिन्हे घरों पर फहराया जा रहा है। अन्य सामाजिक संगठन भी रानी तालाब पर दीपोत्सव करेंगे। वहीं श्री रामशरणम आश्राम गोहाना द्वारा सोमवार को अर्बन एस्टेट स्थित अग्रवाल धर्मशाला में हवन और फिर अमृतवाणी पाठ का आयोजन किया गया। आयोजक राकेश सिंगला ने बताया कि रामलला विराजमान कार्यक्रम को लेकर 20 फुट की एलईडी स्क्रीन लगाई गई। अयोध्या से सीधा प्रसारण श्रद्धालुओं को लाइव दिखाया गया। इसके बाद दोपहर एक बजे भंडारे का भी आयोजन हुआ। वहीं सैनी रामलीला मैदान में सोमवार को ५१ कुंडीय हवन यज्ञ हुआ। शहर के रानी तालाब पर स्थित आंबेडकर चौक, शिव चौक, पटियाला चौक, लाला लाजपतराय चौक, भगवान परशुराम चौक को पूरी तरह से सजाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *