ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अब महोबा में ट्रेन पलटाने की साजिश, रेलवे ट्रैक पर रखा पत्थर; लोको पायलट की वजह से टला बड़ा हादसा

महोबा: जिले के कबरई थाना क्षेत्र में शनिवार को रेल की पटरी पर कंक्रीट का खंभा रखने का मामला सामने आया है। खंभे को एक पैसेंजर ट्रेन के चालक ने देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। रेल अधिकारियों की शिकायत के आधार पर महोबा में पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं पुलिस ने 16 वर्षीय एक लड़के को हिरासत में भी लिया है। बता दें कि ऐसा ही एक मामला शनिवार को बलिया में भी सामने आया था।

नाबालिग को हिरासत में लिया गया

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपक दुबे ने बताया, ‘‘कबरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत बांदा-महोबा रेल मार्ग पर ‘फेंसिंग पिलर’ रखने के आरोप में 16 वर्षीय एक लड़के को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच जारी है।’’ उन्होंने बताया कि यह घटना दोपहर तब सामने आई जब एक पैसेंजर ट्रेन के चालक ने रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को पटरी पर खंभा रखे जाने की सूचना दी। क्षेत्राधिकारी ने बताया, ‘‘आरपीएफ के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। नाबालिग ने पटरी पर खंभा रखने की बात कबूल की है।’’ अधिकारी ने बताया कि खंभा पटरी से हटाए जाने के तुरंत बाद ही मार्ग पर रेल यातायात सुचारू हो गया।

बलिया में भी पटरी पर मिला पत्थर

वहीं बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र में भी शनिवार को रेल इंजन पटरी पर रखे पत्थर से टकरा गया था। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया था कि शनिवार को वाराणसी-बलिया-छपरा रेल खंड पर पूर्वाह्न करीब 10.25 बजे पटरी पर पत्थर मिला। उन्होंने बताया कि लखनऊ से छपरा (बिहार) जा रही 15054 लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस के इंजन का ‘कैटल गार्ड’ पत्थर से टकराया। कुमार ने बताया कि पटरी पर पत्थर देखकर लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगा दी। उत्तर प्रदेश में पटरी पर गैस सिलेंडर, खंभे आदि मिलने की कई घटनाएं हाल के दिनों में सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *