October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुकेश सहनी के पिता की हत्या हो जाना बिहार के कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल: अख्तरुल ईमान

किशनगंज,16जुलाई। बिहार में वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या के बाद राजनीति में उबाल आ गया है। प्रदेश के तमाम बड़ें नेताओं की प्रतिक्रिया लगातार आ रही है। अब एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने भी इस हत्या को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि सुशासन का ढिंढोरा पीटने वाले नीतीश कुमार खुद इस पर सामने आकर सफाई दें। दरभंगा में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या के बाद AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और पिछड़ों के नेता मुकेश सहनी के पिता की हत्या हो जाना बिहार के कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को स्वयं सामने आ कर जवाब देना चाहिए।

अख्तरुल ईमान ने कहा कि बिहार में हत्या, दुष्कर्म, चोरी, डकैती आम बात हो चुकी है। एक तरफ सड़क पर लूट और हत्या हो रही है दूसरी तरफ सरकार सुशासन का ढिंढोरा पीट रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में जो लोग जंगलराज की बात करते हैं, उन्हें बताना चाहिए कि ये कौन सा राज नीतीश कुमार का चल रहा है। कथित सुशासन की सरकार में सड़क पर बेटी के साथ दुष्कर्म हो रहा है और जाने माने नेता के पिता की हत्या कर दी जा रही है। नीतीश कुमार को खुद सफाई देनी चाहिए कि वो बिहार को कहां ले जा रहे हैं।

मंगलवार की सुबह दरभंगा के बिरौल अनुमंडल के सुपौल बाजार स्थित पैतृक घर में मुकेश सहनी के पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घर से पिता जीतन सहनी का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.