दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की धमाकेदार एंट्री, अगले 5 दिनों तक बारिश का अलर्ट; तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मॉनसून ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि इस बार मॉनसून निर्धारित समय से करीब पांच दिन की देरी से राजधानी पहुंचा है। मॉनसून के सक्रिय होते ही गुरुवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तेज हवाएं और आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की सैटेलाइट तस्वीरों में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में घने बादलों का व्यापक असर दिखाई दे रहा है। 1 जुलाई की रात से ही राजधानी और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया था। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 28 जून के आसपास मॉनसून पहुंचने के बाद अनुमान लगाया गया था कि दो से तीन दिनों के भीतर यह दिल्ली तक पहुंच जाएगा। अब मॉनसून के दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में प्रवेश के साथ ही लगभग पूरा उत्तर भारत इसकी चपेट में आ चुका है। जून के मध्य में कुछ दिनों की धीमी प्रगति के बाद मॉनसून ने महीने के अंत में फिर से रफ्तार पकड़ी। बारिश का सबसे बड़ा असर तापमान पर देखने को मिला है। राजधानी के विभिन्न मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 6 से 8.3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, पालम में 33.6 डिग्री, लोधी रोड में 33.7 डिग्री, आया नगर में 33 डिग्री, राजघाट में 31.8 डिग्री, नजफगढ़ में 32.3 डिग्री और मयूर विहार में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, गुरुग्राम का तापमान भी घटकर 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश, जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।