ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

शिमला : चार साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या, चाचा गिरफ्तार

शिमला जिला के कोटखाई में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। इलाके में चार साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर से 200 मीटर दूर घास में पड़ा मिला। इस जघन्य वारदात को मृतक बच्ची के चाचा ने अंजाम दिया। कोटखाई पुलिस ने कातिल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म व हत्या की संगीन धाराएं लगाई गई हैं।

शनिवार देर रात घटित इस वारदात के बाद इलाके में हड़कम्प मच गया है। पीड़ित परिवार नेपाली मूल का है और दिहाड़ी मजदूरी कर गुज़र बसर करता है।

मामले के अनुसार मृतक बच्ची के माता-पिता शनिवार सुबह सेब बगीचे में काम करने गए थे। बच्ची घर पर एक अन्य बच्चे के साथ खेल रही थी। दोपहर एक बजे जब परिजन घर लौटे तो बच्ची गायब मिली। परिजन बच्ची को तलाशने लगे और 200 मीटर दूर स्थित चाचा के घर के पास बच्ची की चपलें मिलीं। घर से 70 फीट के फासले पर बच्ची का शव घास पर पड़ा मिला। बच्ची के पिता ने अपने चचेरे भाई पर बच्ची का कत्ल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। नेपाली मूल का आरोपी 19 साल का है।

ठियोग के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने रविवार को बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। गला दबाकर बच्ची की हत्या की गई है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। अभियुक्त के विरुद्ध आईपीसी की धारा 302, 376 व पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *