• July 6, 2026

पुरी रथ यात्रा के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी: 300 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें, कुल 1100 ट्रेनें चलेंगी

पुरी: जगन्नाथ पुरी रथ यात्रा को लेकर देशभर में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। इस विशाल धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए देश और विदेश से लाखों भक्त पुरी पहुंचते हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने इस साल व्यापक तैयारियां की हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ पुरी पहुंचकर रेलवे की तैयारियों का उच्च स्तरीय समीक्षा किया। इस दौरान स्टेशन प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। रेलवे ने इस वर्ष रथ यात्रा के दौरान 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है। वर्तमान में इस रूट पर पहले से ही 800 से अधिक ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इस तरह कुल मिलाकर 1100 से अधिक ट्रेनों के जरिए श्रद्धालुओं को आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा ओणम पर्व के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए 100 से अधिक अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा। पुरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। लगभग 30,000 श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, ताकि स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ और भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, डिजिटल हेल्प डेस्क और भोजन व्यवस्था की भी व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य यात्रियों को लंबी कतारों और असुविधा से बचाना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए 24 घंटे सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने की तैयारी भी की गई है, जिससे रथ यात्रा सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *