October 4, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ दबिश

लखनऊ: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने रविवार को टिन्नू यादव सहित सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की। इस दौरान टिन्नू यादव के घर से पुलिस को कुछ ज्वैलरी, महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी और प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री का विस्तृत आकलन शाम तक किया जाएगा। इसके बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि आरोपियों की पुलिस रिमांड की मांग की जाए या नहीं। इससे पहले रविवार सुबह पुलिस टीम लेखपाल के साथ टिन्नू यादव के आवास पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ के बाद घर की तलाशी ली। इसी तरह अलग-अलग टीमों ने अनुकल्प मिश्रा, रामशंकर मिश्रा, अविनाश शुक्ला और मनीष यादव के घरों पर भी छापेमारी की। इस कार्रवाई पर सीओ आशुतोष तिवारी ने कहा, “जांच की प्रक्रिया चल रही है। जो भी आरोपी इसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।” वहीं छापेमारी को लेकर पड़ोसियों की भी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अनुकल्प मिश्रा के पड़ोसी कृष्णानंद तिवारी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि आस्था से जुड़े मामले में इस तरह की कथित गड़बड़ी स्वीकार्य नहीं है। एक अन्य पड़ोसी अनुराग मिश्रा ने बताया कि वे अनुकल्प मिश्रा को करीब एक साल से जानते हैं और उनके व्यवहार में कभी कोई संदिग्ध बात नजर नहीं आई, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पूरा मामला जांच का विषय है और सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.