लखनऊ पुलिस ने सिपाही सुनील कुमार शुक्ला को किया बर्खास्त, सोशल मीडिया पर विभाग पर लगाए थे गंभीर आरोप
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, वसूली और प्रताड़ना के आरोप लगाकर सुर्खियों में आए सिपाही सुनील कुमार शुक्ला को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। लखनऊ पुलिस ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए यह जानकारी साझा की। सुनील कुमार शुक्ला लखनऊ पुलिस लाइन में तैनात थे और उन्होंने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि ड्यूटी लगाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से 2,000 रुपये तक की वसूली की जाती है और यह रकम एक “चेन सिस्टम” के जरिए ऊपर तक पहुंचती है। वीडियो में उन्होंने कुछ आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया था, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस विभाग ने जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान उन्हें पहले निलंबित किया गया था। इसके बाद गठित विभागीय जांच समिति ने सभी पक्षों को सुनने के बाद पाया कि आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। लखनऊ पुलिस के अनुसार, जांच में यह साबित हुआ कि सुनील कुमार शुक्ला ने बिना अनुमति सोशल मीडिया का उपयोग करते हुए विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया और उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया नीति-2023 तथा सरकारी सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन किया। पुलिस ने कहा कि अनुशासनहीनता और नियमों के लगातार उल्लंघन को देखते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है।