ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हिसार में शराब ठेके पर लूट, गोली चलाकर 40 हजार ले गए बदमाश

निकटवर्ती गांव सातरोड कलां में शराब ठेके पर फायर करके दो अज्ञात युवक 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस को सूचना दे दी गई है।

ठेके के सेल्समैन प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सातरोड कला ठेके पर काम करता है। नौ अगस्त की रात को ठेके पर बैठा था कि इस दौरान दो लड़के दौड़कर ठेके पर आए। दोनों के हाथों में पिस्तोल थे। एक लड़का ठेके के बाहर खड़ा हो गया जिसने बाहर से लोहे के गेट पर फायर किया। दूसरा लड़का ठेके के अंदर घुस गया। प्रदीप के अनुसार लुटेरे ने कहा कि जितना कैश है, मेरे को दे दो।

इसके बाद उसने एक फायर छत की तरफ किया और कहा कि जल्दी कैश दो, नहीं तो अगली गोली तुझे मारूंगा। वह डर गया और वह और संजू दोनों साथ वाले कमरे में छिप गए। लुटेरों ने करीब 30 से 40 हजार रुपए गल्ले से निकाल लिए और फरार हो गए। प्रदीप ने शक जताया है कि इन दोनों के साथ कोई तीसरा लड़का भी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ली है, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि घटना के समय कारिंदा पैसे गिन रहा था। ठेके के बाहर लोग बैठकर शराब पी रहे हैं। दोनों युवक सड़क के दूसरी ओर से पैदल आते हैं सीधे अंदर दाखिल होकर कारिंदों पर पिस्तौल तान देते हैं। इसके बाद दोनों कारिंदों पर फायर करते हैं। डर के मारे कारिंदे दूसरे कमरे में भाग जाते हैं। गोली चलते ही बाहर शराब पी रहे लोग भी भागना शुरू हो जाते हैं। पुलिस ने अज्ञात युवकों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके छानबीन आरंभ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *