ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कोलकाता की बहुमंजिली इमारत में लूटपाट की कोशिश, आरोपित गिरफ्तार

कोलकाता, 5 जुलाई कोलकाता के टालीगंज थाना अंतर्गत लेक एवेन्यू स्थित एक बहुमंजिली इमारत में गुरुवार शाम लूटपाट की कोशिश हुई, लेकिन इमारत में रहने वाले लोगों की सजगता से यह कोशिश नाकाम हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को बहुमंजिला इमारत के एक फ्लैट में डकैती की कोशिश की गई. लेकिन, जैसे ही फ्लैट के निवासियों ने शोर मचाया, इमारत के कुछ अन्य निवासी सतर्क हो गए। स्थिति प्रतिकूल देख लुटेरे भाग गये। रास्ते में उन्होंने कथित तौर पर हवा में एक राउंड फायरिंग की। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार बुजुर्ग दंपत्ति देबाशीष दे (65) और उनकी पत्नी पूनम दे (59) लेक एवेन्यू में एक संभ्रांत ऊंची इमारत की नौवीं मंजिल पर रहते हैं। देबाशीष पेशे से एक बिजनेसमैन हैं। उधर, झारखंड के गिरिडीह का रहने वाला संजय पिछले 5 साल से उस ऊंची इमारत में सफाईकर्मी का काम कर रहा था। रोज की तरह गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपार्टमेंट में दाखिल हुआ। उसके साथ दो अन्य युवक भी थे जिन्हें संजय अपना दोस्त बता रहा था। वे लोग सीधे नौवीं मंजिल के फ्लैट में गए। कॉलिंग बेल बजा कर गृहस्वामी का नाम पुकारा। परिचित चेहरा देखकर देवाशीष ने दरवाज़ा खोला।

दरवाजा खुलते ही संजय और बाकी दोनों युवक अपने असल रूप में आ गए। फ्लैट में लूटपाट की कोशिश की गई। पूनम दे घबराकर चीख उठीं। उनकी चीख नीचे कई फ्लैटों में रहने वालों के कानों तक पहुंची। कुछ निवासियों ने ऊपर चढ़ने की कोशिश की। तभी तीनों भाग गये। निवासियों ने आरोप लगाया कि भागने का रास्ता साफ करने के लिए उन्होंने एक राउंड हवाई फायरिंग भी की।

हालांकि, संजय और उसके साथी अधिक समय तक बच नहीं पाए। अलग-अलग जगहों पर खोजबीन के बाद रात में तीनों को लालबाजार की गुंडा दमन शाखा ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *