ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

‘पंचायत’ में प्रेग्नेंट खुशबू से लड़ीं क्रांति देवी, नाराज फैंस ने दी बद्दुआ, एक्ट्रेस बोलीं- लोग कितने…

‘पंचायत’ की क्रांति देवी सीरीज में एक सीन के दौरान विकास की पत्नी खुशबू से लड़ पड़ती हैं. इसी सीन को लेकर क्रांति देवी यानी एक्ट्रेस सुनीता राजवर ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर फैंस की तरफ से काफी नफरत मिली, उन्हें लोगों ने मैसेज करके खूब बद्दुआएं भी दी.

‘पंचायत’ सीरीज से लोगों का जुड़ाव कितना ज्यादा है, इसके बारे में क्रांति देवी यानी एक्ट्रेस सुनीता राजवर ने दिखाई है. उन्होंने सीरीज में एक सीन का जिक्र किया जिसके लिए उन्हें ऑनलाइन काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. सुनीता ने बताया कि सीरीज में विकास की पत्नी खुशबू संग उनकी लड़ाई वाले सीन ने फैंस को काफी निराश कर डाला था.

प्रेग्नेंट खुशबू संग क्रांति देवी की लड़ाई, नाराज हुए फैंस

सुनीता राजवर ने हिंदुस्तान टाइम्स संग इंटरव्यू में ‘पंचायत’ सीरीज के कारण मिलने वाली ऑनलाइन नफरत पर बात की. उनका कहना है कि लोग उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज करके काफी बुरा-भला कहते हैं. सीरीज में एक सीन के दौरान जब उनकी प्रेग्नेंट खुशबू संग हाथापाई हो गई थी, तब भी उन्हें फैंस के आक्रोश का सामना करना पड़ा था. हालांकि वो सीन कहानी और स्क्रिप्ट का हिस्सा था, लेकिन फैंस को वो पसंद नहीं आया.

सुनीता ने कहा, ‘मुझे लोग बहुत बुरी-बुरी गालियां दे रहे हैं. वो कह रहे हैं कि आप प्रेग्नेंट खुशबू के लिए इतनी गंदी बातें कैसे कह सकती हैं? कोई मुझे कोस रहा है, कोई बद्दुआ दे रहा है. एक तरफ जहां मुझे लोग शो में प्रधान बनने के लिए बधाई दे रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ मेरी बातों के लिए लोग गालियां दे रहे हैं. मेरे इंस्टाग्राम का मैसेज बॉक्स लोगों की गालियों से भरा हुआ है. लेकिन इसने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है क्योंकि मुझे एहसास हुआ कि मैंने अपना किरदार सही से प्ले किया.’

क्रांति देवी को मिली बद्दुआएं, पति का ऐसा था रिएक्शन

सुनीता राजवर का आगे कहना है कि उन्होंने लोगों के मैसेज अपने पति को भी दिखाए जिसे देखकर वो भी हंसने लगे. उन्हें लोगों की मासूमियत देखकर बुरा लगा मगर इसने उनके आत्मविश्वास को और भी बढ़ाया. एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं और मेरे पति लोगों के मैसेज पढ़कर हंस रहे थे और सोच रहे थे कि कितने मासूम लोग हैं जो इस शो से जुड़े हुए हैं, ये जानने के बावजूद कि वो सबकुछ फेक होता है. मैं इन कमेंट्स पर एक रील भी बनाऊंगी. ये चीजें मेरे लिए एक मेडल की तरह है क्योंकि इससे मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और मुझे यकीन हुआ है कि मैंने अपना रोल अच्छे से प्ले किया.’

सुनीता ने अंत में अपने लड़ाई वाले सीन पर कहा, ‘देखिए शो में मंजू देवी यानी नीना गुप्ता भी मेरे किरदार पर टिप्पणी करती हैं. वो शो में उसके संबंध को एमएलए संग जोड़ती है. मैंने भी गुस्से में आकर वही किया. क्रांति देवी होने के नाते मैं अपने बर्ताव से एकदम संतुष्ट थी लेकिन मेरा किरदार चूंकि बुरा है इसलिए वो लोगों को गंदा लगा. हालांकि मैं पर्सनली इस सीन में अपने किरदार का बचाव नहीं कर रही हूं.’

बता दें, शो में विकास की पत्नी खुशबू का रोल एक्ट्रेस तृप्ति साहू ने प्ले किया था. उनका किरदार भी तीसरे और चौथे सीजन के बाद लोगों के बीच काफी पॉपुलर हुआ है. अब ‘पंचायत’ के पांचवे सीजन में भी वो नजर आएंगी. इस बार विकास और खुशबू की कहानी में एक बड़ा बदलाव नजर आ सकता है. ‘पंचायत’ का पांचवा सीजन अगले साल 2026 में रिलीज किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *