ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार जल गंगा संवर्धन अभियान कराएं संचालितः कलेक्टर

 प्रदेश में नदी, तालाबों, कुंओ, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं इनके पुर्नजीवन के लिये संचालित किये जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान 16 जून तक आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने शुक्रवार को नगरीय निकाय की समीक्षा बैठक में निर्देश दिये कि निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार अभियान का संचालन कराते हुए निर्धारित गतिविधियों का आयोजन करें। उन्होंने साफ-सफाई, जल स्त्रोतों के पुर्नजीवन, वृक्षारोपण, तालाब गहरीकरण कार्यों के साथ-साथ इसे जन अभियान बनाने के लिये निबंध, लेख, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन के भी निर्देश नगरीय निकाय के अधिकारियों को दिये।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि यह शासन का अतिमहत्वाकांक्षी अभियान है। इसे जन अभियान बनाने के लिये जन प्रतिनिधियों, सामाजिक व अशासकीय संगठनों को भी भागीदार बनाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिन संरचनाओं का निर्माण होना है उन्हें 15 जून तक पूर्ण करें, वृक्षारोपण हेतु पूर्व तैयारी करें तथा तालाबों के इनलेट खुलवायें तकि वर्षा का पानी इनमें आये। नालों की सफाई के साथ गाद हटाने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाय। कलेक्टर ने नगरीय निकायों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व से तैयारी करने के निर्देश दिये।

उन्होंने नगरीय निकायों में जल आपूर्ति का कार्य करने वाली एजेंसी से तत्परता से कार्य पूर्ण कराने हेतु सीएमओ को नियमित मानीटरिंग के लिये निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि सभी सीएमओ अपने मुख्यालय में रहे। कलेक्टर ने चाकघाट सीएमओ को बैठक में अनुपस्थित रहने पर सात दिवस का वेतन काटने के भी निर्देश दिये। कचरा उठाव की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। संजीवनी क्लीनिक व कार्यकल्प अभियान के तहत सड़क सुधार कार्यों की भी बैठक में समीक्षा की गई। अमृत-1 योजनान्तर्गत सीवरेज कार्य में रीवा शहर में 107 किमी पाइप लाइन डालने के कार्य को गति देने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये। अमृत-2 योजना के तहत इंटेकवेल व टंकी निर्माण सहित पाइप लाइन डालने की भी विस्तार से समीक्षा बैठक में की गई।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रीवा शहर में झिरिया कुंड, लक्ष्मणबाग बावडी तथा बिछिया नदी की सफाई की जायेगी तथा तालाब पुनर्जीवन कार्यक्रम के तहत कुबेर तालाब व झलबदरी तालाब का गहरीकरण व सौन्दर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। शहर के 22 नालों में से 19 नालों की सफाई हो चुकी है शेष नालों की सफाई वर्षा से पूर्व कर ली जायेगी। उन्होंने बताया कि 8 जून को प्रात: 8 बजे से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धोबिया टंकी के पीछे की बावडी की साफ-सफाई का कार्य जन सहयोग से किया जायेगा। बैठक में प्रधानमंत्री आवास, पीएम स्वनिधि योजना की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय सहित सीएमओ तथा नगरीय निकाय के उपयंत्री उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *