ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

इजराइली सेना दक्षिणी गाजा के खान यूनिस पहुंची, जमीनी व हवाई हमले तेज

इजराइल और हमास के बीच युद्ध विराम के बाद इजराइली सेना ने हमले तेज कर दिए हैं। इजराइली सेना बुधवार को जमीनी व हवाई हमले करते हुए दक्षिणी गाजा के प्रमुख शहर खान यूनिस के केंद्र में पहुंच गई। जहां हमास लड़ाकों ने उनका कड़ा प्रतिकार किया। सेना वहां से नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर जाने का दबाव डाल रही है। जबकि वे कह रहे हैं ऐसे स्थान अब कहां बचे हैं। लोग भूखे-प्यासे दरबदर हो रहे हैं।

इजराइली लड़ाकू विमान हमास आतंकियों के ठिकानों के आशंका वाले सघन आबादी क्षेत्रों पर भी लगातार बमबारी कर रहे हैं। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल घायलों और मृत लोगों से भर गए हैं।

जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार के प्रमुख वोल्कर तुर्क ने कहा कि गाजा में स्थिति विनाशकारी है, जहां किसी के न बचने जैसी स्थिति है। दोनों ओर से मानवाधिकार का घोर उल्लंघन हो रहा है।

फिलिस्तीनी अधिकारियों ने कहा कि हजारों लोग जो पहले से विस्थापित हैं उन्हें फिर से नया ठिकाना तलाशने को मजबूर किया जा रहा है। लेकिन उत्तरी गाजा से विस्थापित होकर दक्षिणी गाजा पहुंचे नागरिक अब असहाय हैं। वे अपने मामूली सामान के साथ एक स्थान से दूसरे स्थान पर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में हैं। उत्तरी गाजा के ज्यादातर हिस्से पर कब्जा करने के बाद इजराइल सेना टैंकों व लड़ाकू विमानों से गोले बरसाते हुए दक्षिण गाजा क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही है।

इजराइल ने कहा कि उसकी सेना ने हमास के सैकड़ों ठिकानों पर हमला किया है। जिसमें उत्तर में एक स्कूल के पास एक उग्रवादी सेल भी शामिल है। हमास के सशस्त्र विंग अल कसम ब्रिगेड ने कहा कि इस दौरान भयंकर लड़ाई हुई।

निवासियों ने कहा कि इजरायल ने रातभर बमबारी की, जिसमें कई नागरिकों की मौत हुई है और लोग घायल हुए हैं।

हमास मीडिया व स्थानीय लोगों ने बताया कि उत्तरी गाजा में टैंकों, नौसैनिक नौकाओं व लड़ाकू विमानों ने जबालिया क्षेत्र के शरणार्थी कैंपों के साथ सड़कों, घरों पर बमबारी की। वहीं, वेस्ट बैंक में संघर्ष में दो फिलिस्तीनी मारे गए हैं। इजरायली सेना ने कहा कि यमन की ओर से लाल सागर के ऊपर से मिसाइल दागी गई है।

इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) ने आतंकी सुरंगों में मिली पहले कभी न देखी गई तस्वीरें जारी की हैं, जिसमें सुरंगों में छिपते हुए लड़ाई के दौरान मारे गए उत्तरी गाजा ब्रिगेड के पांच सबसे वरिष्ठ लोगों में से एक हमास का कमाडंर अहमद अंदोर शामिल है।

इजराइली रक्षा बलों ने बुधवार को एक अनजाने हमले पर खेद व्यक्त किया जिसमें एक लेबनानी सैनिक की मौत हो गई। जबकि उसने हिजबुल्ला से जुड़ी पोस्ट को निशाना बनाया और कहा कि घटना की समीक्षा की जा रही है। यहां लेबनान सीमा पर लगातार गोलाबारी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *