इंडिगो की नई सुविधा: सिर्फ ₹49 में बुक करें एयरपोर्ट कैब, मिलेगी 100% कन्फर्म राइड
हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई सेवा ‘Cabs with IndiGo’ लॉन्च की है। इस सेवा के जरिए यात्री अब घर से एयरपोर्ट और एयरपोर्ट से अपने गंतव्य तक आसानी से कैब बुक कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि यह सुविधा यात्रियों को समय पर, भरोसेमंद और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव देगी।
सिर्फ रुपये49 में कर सकेंगे कैब रिजर्व
इंडिगो के अनुसार, यात्री मात्र 49 रुपये देकर एयरपोर्ट कैब रिजर्व कर सकते हैं। इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि किराया पहले से तय रहेगा और यात्रियों को सर्ज प्राइसिंग का सामना नहीं करना पड़ेगा। यानी व्यस्त समय या अधिक मांग के दौरान भी किराए में अचानक बढ़ोतरी नहीं होगी।
100% कन्फर्म पिकअप का दावा
एयरलाइन ने दावा किया है कि यात्रियों को तय समय पर 100 प्रतिशत कन्फर्म कैब उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पिकअप समय तक मुफ्त कैंसिलेशन की सुविधा भी मिलेगी, जिससे यात्रियों को योजना बदलने की स्थिति में अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
फ्लाइट लेट होने पर भी नहीं होगी परेशानी
कई बार उड़ानों में देरी के कारण यात्रियों को कैब सेवाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए इंडिगो ने 30 मिनट तक मुफ्त वेटिंग टाइम की सुविधा देने की घोषणा की है। इससे फ्लाइट लेट होने की स्थिति में भी यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
वेबसाइट और ऐप से होगी बुकिंग
यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। कंपनी का कहना है कि अब यात्रियों को फ्लाइट, होटल और कैब बुकिंग जैसी सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी, जिससे यात्रा की योजना बनाना और आसान हो जाएगा।
लॉयल्टी प्रोग्राम से भी जुड़ी सुविधा
इंडिगो ने बताया कि यह सेवा उसके BluChip लॉयल्टी प्रोग्राम से भी जुड़ी हुई है। इसके तहत यात्री हर 100 रुपये के खर्च पर 5 BluChips पॉइंट्स अर्जित कर सकेंगे। इन पॉइंट्स का उपयोग भविष्य की यात्राओं में विभिन्न लाभ प्राप्त करने के लिए किया जा सकेगा।
यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की पहल
इंडिगो के चीफ डिजिटल एंड इंफॉर्मेशन ऑफिसर नीतन चोपड़ा ने कहा कि कंपनी केवल उड़ान सेवाएं प्रदान करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि यात्रा के हर चरण में ग्राहकों को बेहतर अनुभव देना चाहती है। उनके अनुसार, ‘Cabs with IndiGo’ इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाएगा।