• March 29, 2026

भारत वैश्विक एआई इंपैक्ट समिट 2026 की मेजबानी करेगा: यूएन महासचिव गुटेरेस ने भारत के नेतृत्व की सराहना की

नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत के नेतृत्व में आयोजित होने वाले आगामी वैश्विक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) समिट की सराहना की है। उन्होंने एआई को अंतरराष्ट्रीय संबंधों में “पूर्णतः महत्वपूर्ण मुद्दा” और वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताया है।
गुटेरेस ने बुधवार को कहा कि वे 19-20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में होने वाले इंडिया-एआई इंपैक्ट समिट 2026 में व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे। उन्होंने कहा, “मैं वहां रहूंगा। मुझे इस बैठक में भाग लेने का मौका मिलने से बहुत खुशी है। मुझे विश्वास है कि आज एआई अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक बिल्कुल महत्वपूर्ण मुद्दा है और हमारे समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। इसलिए बहुत जरूरी है कि देश एक साथ आएं और इस पर चर्चा करें, सिविल सोसाइटी के साथ भी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में आयोजित एआई एक्शन समिट में इस वैश्विक समिट का ऐलान किया था। यह समिट ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाली पहली वैश्विक एआई समिट होगी, जो ‘पीपल, प्लैनेट एंड प्रोग्रेस’ (मानवता, धरती और प्रगति) के सिद्धांतों पर केंद्रित रहेगी। इसका उद्देश्य एआई को मानवता के विकास के लिए उपयोगी बनाना, समावेशी विकास को बढ़ावा देना और हमारी साझा धरती की रक्षा करना है।समिट का फोकस अंतरराष्ट्रीय एआई वैज्ञानिक पैनल की स्थापना पर भी रहेगा।
2024 के फ्यूचर समिट में अपनाए गए ग्लोबल डिजिटल कॉम्पैक्ट के तहत एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल बनाने की प्रतिबद्धता जताई गई थी। यह पैनल एआई के प्रभावों का वैज्ञानिक आकलन करेगा, ज्ञान के अंतर को कम करेगा और विकासशील देशों में क्षमता निर्माण को मजबूत बनाएगा।गुटेरेस ने बताया कि उनका संदेश इस समिट में ग्लोबल डिजिटल कॉम्पैक्ट के निष्कर्षों से जुड़ा होगा। वे राष्ट्राध्यक्षों और विभिन्न संस्थाओं को पैनल की भूमिका, संवादों से अपेक्षाओं और विकासशील देशों में क्षमता निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को बेहतर तरीके से जुटाने के तरीकों के बारे में बताएंगे।
उन्होंने विशेष रूप से भारत जैसे विकासशील देश की सराहना की, जहां पहले से ही उल्लेखनीय एआई क्षमता मौजूद है। गुटेरेस ने कहा कि भारत का इस समिट में नेतृत्व “बहुत महत्वपूर्ण” है।यह समिट भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा इंडिया एआई मिशन के तहत आयोजित किया जा रहा है। यह वैश्विक स्तर पर एआई के जिम्मेदार और समावेशी उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समिट में विश्व भर के नीति निर्माता, उद्योग नेता, शोधकर्ता और युवा भाग लेंगे, ताकि एआई को मानव-केंद्रित, पर्यावरण-अनुकूल और प्रगतिशील बनाया जा सके।
Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *