मऊ में हाईवे पुल के नीचे मिला सिर कटा शव, 100 मीटर दूर मिला सिर; कृत्रिम पैर बना पहचान का अहम सुराग
मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब घोसी कोतवाली क्षेत्र के तिलाई बुजुर्ग गांव के पास हाईवे पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर शव का सिर भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, शव करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत होता है। जांच के दौरान पता चला कि मृतक के दाहिने पैर में प्लास्टिक का कृत्रिम पैर लगा हुआ था, जबकि बाएं हाथ में घड़ी मिली है। पुलिस का मानना है कि ये दोनों वस्तुएं मृतक की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। शव का दाहिना हाथ काफी हद तक सड़ चुका था।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को हाईवे पुल के नीचे लाकर फेंक दिया गया। तलाशी अभियान के दौरान शव से कुछ दूरी पर उसका कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदा व्यक्तियों का विवरण जुटाकर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।