• June 30, 2026

ट्रंप ने पेट्रोल विक्रेताओं को दी चेतावनी, बोले- तुरंत घटाएं कीमतें; दोहा में ईरान के साथ होगी अहम वार्ता

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों पर नाराजगी जताते हुए पेट्रोल विक्रेताओं से तत्काल कीमतें कम करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद उपभोक्ताओं को इसका लाभ नहीं मिल रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा किए गए पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, “पेट्रोल बेचने वालों को तुरंत अपनी कीमतें कम करनी चाहिए। कीमतें बहुत ज्यादा हैं, जबकि तेल की कीमत अब 68 डॉलर प्रति बैरल है और लगातार नीचे जा रही है। अमेरिकी जनता के हित में सही कदम उठाते हुए ईंधन की कीमतों में कमी की जानी चाहिए।” ट्रंप ने आगे कहा कि कीमतों में मनमाने ढंग से बढ़ोतरी करना पूरी तरह गैर-कानूनी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विक्रेताओं ने जल्द कीमतें कम नहीं कीं तो उन्हें गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पेट्रोल की कीमत लगभग 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाने की बात कही और कैलिफोर्निया में पेट्रोल पर लगाए जाने वाले भारी करों की भी आलोचना की। ट्रंप का कहना था कि राज्य में टैक्स का बोझ इतना अधिक है कि जल्द ही टैक्स की राशि पेट्रोल की कीमत से भी ज्यादा हो सकती है।

इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक संपर्क भी तेज हो गए हैं। ट्रंप ने बताया कि मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण वार्ता होगी। उनके अनुसार, ईरान ने इस बैठक का अनुरोध किया था, हालांकि उन्होंने एजेंडे का खुलासा नहीं किया। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर इस सप्ताह दोहा जाएंगे। दोनों प्रतिनिधि हाल के तनाव के बाद हुए समझौते और युद्धविराम से जुड़े मुद्दों पर ईरानी अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। लेविट ने कहा कि अमेरिका युद्धविराम का पालन कर रहा है, लेकिन यदि किसी प्रकार की हिंसा होती है तो उसका उचित जवाब दिया जाएगा। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के बाद यह बैठक क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *