ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कांवड़ियों ने ई रिक्शा और ट्रक में की तोड़फोड़, 10 से ज्यादा अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार, 24 जुलाई  कांवड़ियों द्वारा रुड़की में ई रिक्शा और ट्रक में तोड़फोड़ करने के मामले में सख्त हुई पुलिस ने 10 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

उल्लेखनीय है कि रुड़की में बीते रोज कावड़ियों ने एक ई रिक्शा चालक की जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं ई रिक्शा में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिसकर्मी भी कांवड़ियों को समझाते रहे लेकिन उन्होंने पुलिसकर्मियों की एक न सुनी और लगातार ई रिक्शा में तोड़फोड़ करते रहे। घायल ई रिक्शा चालक को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी नहर पटरी की है। बताया जा रहा है कि एक ई रिक्शा चालक अपनी रिक्शा लेकर आ रहा था। इसी दौरान ई रिक्शा किसी कांवड़िए से टकरा गई। टक्कर लगने से कांवड़िए को हल्की चोटें आई। उसके बाद कांवड़ियों ने पहले ई रिक्शा चालक के साथ जमकर मारपीट की, फिर ई रिक्शा पर लाठी-डंडे बरसा कर तोड़फोड़ कर दी।

सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के सामने भी कांवड़ियों ने तोड़फोड़ जारी रखी। पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों को रोकने का काफी प्रयास किया लेकिन उन्होंने पुलिस की एक न सुनी। घायल कांवड़िए और घायल ई रिक्शा चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर, दूसरी घटना बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ेडी राजपूतान की है। जहां एक ट्रक हरिद्वार से रुड़की की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक बढ़ेडी राजपूतान पहुंचा तो उसकी कांवड़ियों के वाहन से हल्की टक्कर लग गई। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं कांवड़ियों ने रोड पर जमकर बवाल भी काटा।

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव में कांवड़ियों द्वारा ई रिक्शा चालक के साथ की गई मारपीट और ई रिक्शा में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने 10 से ज्यादा अज्ञात कांवड़ियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी के साथ पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *