ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एनसीसी की टीम को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को राजभवन से एनसीसी की टीम को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

उल्लेखनीय है कि एन.सी.सी.निदेशालय की ओर से अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित मेगा साइक्लोथॉन ‘हम किसी से कम नहीं’ अभियान की शुरूआत हुई।

इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 14 सदस्यीय बालिका कैडेट्स की टीम को लखनऊ से आगे की यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पहले राज्यपाल द्वारा मेगा साइक्लोथॉन दल में शामिल कैडेट्स को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कैडेट्स से संवाद स्थापित करते हुए यात्रा के दौरान उनके अनुभव, संघर्ष और चुनौतियां आदि के संबंध में जानकारी ली। उक्त कार्यक्रम में कैडेट नंदिनी वर्मा व अमीषा द्वारा अपने रोमांचक यात्रा का अनुभव भी साझा किया गया तथा टीम लीडर कर्नल अर्जुन सेन गुप्ता द्वारा उक्त अभियान के संदर्भ में आने वाली चुनौतियां,प्रशिक्षण, तैयारी तथा मिशन के उद्देश्यों के बारे में बताया गया।

राज्यपाल ने कहा कि छोटी उम्र से ही इस प्रकार के प्रयास होने चाहिए। उन्होंने विद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं को टूर व शैक्षणिक भ्रमण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि लड़कियां खुद को कमजोर ना समझें। बालिकाओं को खान-पान की स्वस्थ आदतों को दिनचर्या में शामिल करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने एक शिक्षिका के रूप में गुजरात के अनुभव को साझा किया। उन्होंने गुजरात की तर्ज पर सभी राज्यों में ‘स्टूडेंट पुलिस कैडेट’ की व्यवस्था की आवश्यकता बताई।

राज्यपाल ने एन.सी.सी.को प्रदेश के विद्यालय गोद लेकर बच्चों में विभिन्न शिक्षणेत्तर गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण प्रदान कर बच्चों को तैयार करने हेतु कहा। राज्यपाल ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ घर के अन्य कार्य यथा रसोई आदि सीखने की भी सलाह दी।

उन्होंने कहा कि जीवन का लक्ष्य तय करें,चुनौतियों का सामना करें, हौसला रखें। जीवन में सच को स्वीकारने तथा गलतियों का विरोध करने की आदत बनायें। उन्होंने कैडेट्स को उनके अनुभवों को लिपिबद्ध करके कॉफी टेबल बुक बनाने हेतु प्रेरित किया।

ज्ञात हो कि एन.सी.सी. निदेशालय द्वारा आयोजित मेगा साइक्लोथॉन के तहत 14 सदस्यीय बालिका कैडेट्स द्वारा गुवाहाटी से नई दिल्ली तक 2107 किलोमीटर की दूरी तय की जा रही है। इस यात्रा का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ भारत की विविधता में एकता,प्रकृति संरक्षण का महत्व एवं स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने के संदेश का प्रसार करना है।

इस अभियान को 24 दिसंबर 2023 को असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा गुवाहाटी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था तथा इसका समापन 28 जनवरी 2024 को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में होगा। यह यात्रा पांच राज्यों से होते हुए तय की जा रही है, जिसमें अब तक 1492 किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी है। उत्तर प्रदेश में यह यात्रा बलिया से शुरू हुई है।

इस मौके पर मेजर जनरल विक्रम कुमार,अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे,अभियान के टीम लीडर कर्नल अर्जुन सेन गुप्ता, राहुल मिश्रा, एनसीसी कैडेट्स तथा राजभवन के अधिकारी कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *