ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

नकली शराब कारोबार का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

अवैध व अपमिश्रित देशी शराब का निर्माण कर बेचने वाले गैंग का कछवां पुलिस ने भंडाफोड़ किया। शराब के अवैध करोबार में लिप्त दो लोेगों को गिरफ्तार कर मौके से 220 लीटर स्प्रिट, 135 शीशी अपमिश्रित देशी शराब, नकली क्यूआर कोड समेत शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की।

पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन गृह में पत्रकारों को बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस, आबकारी विभाग व कछवां पुलिस की संयुक्त टीम को मंगलवार की रात बड़ी सफलता हाथ लगी है।

कछवां थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान के पास एक अलग कमरे में अपमिश्रित शराब निर्माण करने व बेचने की सूचना पर पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर मौके से दो लोगों अरविन्द कुमार गुप्ता व प्रतीक पांडेय को गिरफ्तार किया। मौके से प्लास्टिक के पांच जरिकेन में रखी 220 लीटर स्प्रिट, 135 शीशी, प्रत्येक 200 एमएल अपमिश्रित देशी शराब अंकित ब्लू लाइम ब्रांड, नकली क्यूआर कोड, ढ़क्कन, सिंक कैप, खाली शीशी, ड्रायर मशीन, कीपिया, इंजेक्शन प्लास्टिक के निडिल, सिरिंज तथा लोहे का सूजा बरामद किया। गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में कछवां थाने पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेजा जा रहा है।

शराब को नशीली बनाने के लिए करते है स्प्रिट का प्रयोग

थानाध्यक्ष कछवां संजीत बहादुर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों की मदद से नकली अपमिश्रित देशी शराब का निर्माण करते हैं। इसे नशीली व तीक्ष्ण बनाने के लिए स्प्रिट एवं अन्य सामग्री को मिलाकर बनाते हैं। इसे शीशियों में भरकर नकली क्यूआर कोड, लेबल व ढ़क्कन लगाकर असली देशी शराब के रूप में बेचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *