ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

जमशेदपुर में जमीन विवाद में छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या

जमशेदपुर, 18 जून । जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच चल रहे विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित के घर पर धावा बोल दिया। सूचना पर पहुंची कपाली ओपी पुलिस आरोपित के परिजनों को ग्रामीणों के चंगुल से बचाकर थाने ले गई।

बताया जाता है कि रहमतउल्लाह मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद अमजद (42) की उसके बड़े भाई मोहम्मद अहमद ने मंगलवार को लोहे के पाइप से पीट-पीट कर जान ले ली। वह ऑटो चलाता था। बताया जाता है कि अमजद बड़े भाई के घर कटहल तोड़ने गया था। कटहल तोड़कर जैसे ही वापस लौटा कि अहमद ने अमजद पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित बस्तिवासियों ने मोहम्मद अहमद के घर पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी सोनू कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बस्ती वासियों के चंगुल से आरोपित के परिवार को सुरक्षित निकालकर थाने ले गए। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा था। फिलहाल, पुलिस हत्यारोपित की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *