• September 15, 2026

प्रिंटवीक विमेन टू वॉच अवॉर्ड 2026: डॉ. रुचिता सुजई चौधरी बनीं ‘पब्लिशिंग पर्सन ऑफ द ईयर’

लखनऊ: प्रिंट एवं पैकेजिंग उद्योग के प्रतिष्ठित मंच प्रिंटवीक द्वारा आयोजित ‘विमेन टू वॉच अवॉर्ड्स 2026’ में ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की सहायक आचार्य डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को ‘पब्लिशिंग पर्सन ऑफ द ईयर’ सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें मीडिया शिक्षा, प्रकाशन, मीडिया साक्षरता और डिजिटल शिक्षण सामग्री निर्माण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

इस प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह में देशभर से प्राप्त 108 प्रविष्टियों में से विभिन्न श्रेणियों के लिए 18 उत्कृष्ट महिलाओं का चयन किया गया। डॉ. रुचिता सुजई चौधरी का चयन ‘पब्लिशिंग पर्सन ऑफ द ईयर’ श्रेणी में उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक, शोध एवं प्रकाशन कार्यों के आधार पर किया गया।

डॉ. चौधरी ने उच्च शिक्षा में नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ ई-कंटेंट डेवलपमेंट, मीडिया साक्षरता और समावेशी संचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। वह एक सक्रिय शिक्षाविद्, शोधकर्ता, लेखिका और मीडिया विशेषज्ञ के रूप में जानी जाती हैं।

अब तक उनकी नौ पुस्तकों का प्रकाशन हो चुका है, जबकि 50 से अधिक शोध-पत्र, पुस्तक अध्याय और अकादमिक लेख राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। मीडिया, जनसंचार, जेंडर अध्ययन और समकालीन सामाजिक विषयों पर उनके शोध कार्यों को व्यापक सराहना मिली है।

इसके अलावा, उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अंतर्गत ई-कंटेंट निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्वयं (SWAYAM), स्वयं प्रभा और अन्य राष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों के लिए उन्होंने शिक्षण सामग्री विकसित की है। उनका ‘मीडिया साक्षरता’ पाठ्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित हो रहा है और विद्यार्थियों व शिक्षकों के बीच काफी लोकप्रिय है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिलना विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. चौधरी की शैक्षणिक प्रतिबद्धता, उत्कृष्ट शोध कार्य और मीडिया शिक्षा में नवाचार उन्हें विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।

कुलपति ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता का भी प्रमाण है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. चौधरी की यह उपलब्धि विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

बता दें कि ‘विमेन टू वॉच अवॉर्ड्स’, प्रिंटवीक के प्रतिष्ठित ‘लीडर्स एंड लीजेंड्स 2026’ समारोह का हिस्सा है। यह आयोजन पावर 100, फोर्टी अंडर 40 और विमेन टू वॉच जैसे प्रमुख कार्यक्रमों का समागम है, जिसमें उद्योग में नेतृत्व, नवाचार और उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित किया जाता है।

इस वर्ष पुरस्कारों में पहली बार व्यक्तिगत श्रेणियों के साथ-साथ संस्थागत श्रेणियों को भी शामिल किया गया, जिससे सकारात्मक बदलाव और नवाचार को बढ़ावा देने वाले संगठनों को भी सम्मानित किया जा सके।

डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि मीडिया शिक्षा, शोध और प्रकाशन के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को भी नई पहचान देता है। यह उपलब्धि ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ और पूरे शैक्षणिक जगत के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *