ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

देहरादून में सैकड़ों बीघा जमीन शत्रु संपत्ति है उन्हें भी खाली कराया जाए : इस्लामुद्दीन अंसारी

काबुल हाउस को खाली कराने के प्रशासन के आदेश के बाद देहरादून में स्थित अन्य शत्रु संपत्तियों को खाली कराने की मांग उठने लगी है। इस मामले में पहल करने वाले भाजपा नेता इस्लामुद्दीन अंसारी और उनके एक सहयोगी ने उच्च न्यायालय नैनीताल में याचिका योजित की थी। इन शत्रु सम्पत्तियों पर फैज मोहम्मद के नाम से दर्ज शत्रु संपत्तियों की फाइल प्रशासन ने खोल दी है।

आईएसबीटी के पास टर्नर रोड पर लगभग 70 बीघा शत्रु संपत्ति है। इसी तरह माजरा के पास 1800 बीघा शत्रु संपत्ति बताई गई है। देहरादून में लगभग 22 संपत्तियों की जानकारी प्रशासन को दी गई है जिन पर प्रशासन दृष्टि लगाए हुए है। सरकार इन संपत्तियों को खाली कराकर अपने पास रखेगी और जनहित में उपयोग करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

इस्लामुद्दीन अंसारी ने बताया कि कैनाल रोड स्थित शत्रु संपत्ति काबुल हाउस को खाली करने के आदेश जिला प्रशासन की ओर से दिए गए थे। प्रशासन ने खेवट संख्या 15 में दर्ज इस संपत्ति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इसी संपत्ति पर यानि काबुल हाउस परिसर में मंगलादेवी इंटर कालेज चल रहा है, जिस पर कांग्रेस के एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का प्रबंधन है। इसी प्रांगण में आयुर्वेदिक कॉलेज के नाम पर एक संस्था बनाकर उसे लीज पर लिया गया था, लेकिन इस संपत्ति का वर्षों से भवन कर नहीं जमा कराया गया है। न ही लीज नवीनीकृत कराई गई है। कांग्रेस के बड़े नेता का प्रभाव होने के कारण प्रशासन इस पर कोई प्रयास नहीं कर रहा है।

पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संपत्ति पर प्रशासन से पूछताछ की तो 40 सालों से बंद इस प्रकरण का पटाक्षेप होना प्रारंभ हुआ। इस संपत्ति के फर्जी उत्तराधिकारियों ने तमाम लोगों को रजिस्ट्री कर दी थी, लेकिन अब यहां रह रहे लोगों को संपत्ति खाली करने के लिए थोड़ा समय दिया गया है जो इसी महीने समाप्त हो जाएगा। इस्लामुद्दीन अंसारी का कहना है कि इस संपत्ति पर सरकार का कब्जा होना चाहिए और जनहित इनका प्रयोग होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *