• March 18, 2026

भाषा विश्वविद्यालय में ‘कंटेंट क्रिएटर वर्कशॉप’, तकनीक और रचनात्मकता पर जोर

लखनऊ, 17 मार्च 2026: ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा ‘कैनन इंडिया’ के सहयोग से एक दिवसीय ‘कंटेंट क्रिएटर वर्कशॉप’ का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के गणेश शंकर विद्यार्थी अध्ययन केंद्र में आयोजित हुई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक कैमरा तकनीक, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और विजुअल कम्युनिकेशन के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन विभाग प्रभारी डॉ. रुचिता सुजय चौधरी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने डिजिटल युग में कंटेंट निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और सामाजिक संवेदनशीलता का संतुलन आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रहकर व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

                                                                                                               

कार्यशाला के मुख्य वक्ता ‘कैनन लखनऊ’ के तकनीकी विशेषज्ञ अमित सक्सेना रहे। उन्होंने कैमरा तकनीक में हो रहे आधुनिक बदलावों पर चर्चा करते हुए बताया कि मिररलेस कैमरे फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का भविष्य हैं। ये पारंपरिक कैमरों की तुलना में अधिक उन्नत, हल्के और प्रभावी होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक सफल कंटेंट क्रिएटर बनने के लिए केवल उपकरण पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मजबूत विजन, बेहतर स्टोरीटेलिंग, सही लेंस का चयन, लाइटिंग और फ्रेमिंग का ज्ञान भी आवश्यक है।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उन्होंने कैमरों के साथ काम करते हुए तकनीकी पहलुओं को व्यावहारिक रूप से समझा। इसके साथ ही प्रतिभागियों को एक लाइव असाइनमेंट भी दिया गया, जिसमें उन्होंने अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन किया।

इस आयोजन में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अलावा बीसीए, एमसीए और बीए के छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो डिजिटल कंटेंट निर्माण के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।

समापन सत्र में डॉ. सैयद काजिम असगर रिज़वी ने मुख्य वक्ता अमित सक्सेना को सम्मानित करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. शचिंद्र शेखर, डॉ. मोहम्मद नसीब, डॉ. विनय कुमार, जसदीप, वंश और वंशिका सहित अन्य शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *