ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कांग्रेस की चुनाव कार्य समिति बैठक में रायबरेली, अमेठी पर मंथन

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए राज्य प्रभारी बनाये गये कांग्रेस के महासचिव अविनाश पाण्डेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में दो प्रमुख लोकसभा सीटों रायबरेली व अमेठी पर मंथन किया। लोकसभा चुनाव में दमदारी से लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची को फाइनल करने से पहले अविनाश पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश के नेताओं से चर्चा की।

बैठक में प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य के रुप में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पी. एल.पुनिया, विधायक आराधना मिश्रा मोना, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद जफर अली नकवी, सुप्रिया श्रीनेत्र ने अपनी बातों को रखा। लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन में मिली सीटों में वाराणसी से उम्मीदवार के चयन पर चर्चा हुई। वाराणसी सीट पर फैसला लेने के लिए निर्णय प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर छोड़ दिया गया।

प्रियंका गांधी वाड्रा के उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक में शामिल सदस्यों ने पुराने और कद्दावर नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने पर जोर दिया। महासचिव अविनाश पाण्डेय ने सिंगल नाम वाली सीटों को फाइनल करते हुए सूचीबद्ध कर लिया। महासचिव ने कांग्रेस पार्टी के लिए दिनरात एक करने वाले युवाओं को भी चुनाव लड़ने का मौका देने की बात रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *